यूपी चुनाव में 'आधी आबादी' पर दांव: वादों की बौछार; जानिए बीजेपी, सपा और कांग्रेस का क्या है प्लान
यूपी चुनाव में 'आधी आबादी' पर दांव: वादों की बौछार; जानिए बीजेपी, सपा और कांग्रेस का क्या है प्लान उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने महिला मतदाताओं को साधने के लिए बड़े वादे शुरू कर दिए हैं. By ETV…

सौजन्य से:- ETV Bharat
यूपी चुनाव में 'आधी आबादी' पर दांव: वादों की बौछार; जानिए बीजेपी, सपा और कांग्रेस का क्या है प्लान
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने महिला मतदाताओं को साधने के लिए बड़े वादे शुरू कर दिए हैं.
By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : August 28, 2026 at 9:04 PM IST
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की उल्टी गिनती शुरू हो गई है. सभी राजनीतिक दल गुणा-गणित बिठाने में जुट गए हैं. जातीय समीकरणों के साथ हर वर्ग के वोटर को लुभाने की कोशिश तो हो ही रही है, लेकिन सभी पार्टियों के केंद्र बिंदु में अब महिलाएं ही हैं.
पार्टी चाहे सत्तासीन भाजपा हो या फिर यूपी में विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी समाजवादी पार्टी, सबने अपने एजेंडे में सरकार बनने पर महिलाओं को सौगात देने के वादे शुरू कर दिए हैं.
योगी सरकार ने बुजुर्ग महिलाओं को दी बड़ी सौगात: योगी सरकार ने बड़ा दांव खेलते हुए 60 वर्ष से ऊपर की बुजुर्ग महिलाओं को बसों में फ्री यात्रा का तोहफा दे दिया और नवंबर माह में 50 हजार छात्राओं को स्कूटी देने का एलान कर दिया. इसके बाद सपा मुखिया अखिलेश यादव ने भी वादा कर दिया है कि सपा सरकार बनने पर सभी महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा देंगे. नारी शक्ति समृद्धि योजना के तहत साल में 40 हजार रुपये देने की घोषणा कर दी गई है. इसके साथ ही कांग्रेस और बसपा भी महिलाओं पर केंद्रित योजनाएं अपने एजेंडे में शामिल करने का प्लान बना रही हैं.
मुफ्त यात्रा और मुफ्त स्कूटी देने की योजना: उत्तर प्रदेश में पिछले दो कार्यकाल से भारतीय जनता पार्टी की सरकार है. सरकार के कार्यकाल के दौरान महिलाओं को लेकर तमाम ऐसी योजनाओं को साकार किया गया जिससे महिलाओं को सीधा लाभ मिला. अब कई अन्य लोक लुभावन योजनाओं को योगी सरकार साकार करने में जुटी है ताकि महिला केंद्रित इन योजनाओं के जरिए चुनावों में बीजेपी इसका लाभ उठा सके. हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हर साल की तरह रक्षाबंधन के त्योहार पर तो बहनों को रोडवेज बसों में तीन दिन तक मुफ्त यात्रा की सौगात दी ही थी.
बेटी के जन्म से पढ़ाई तक सरकारी मदद का भरोसा: इसके साथ ही भारतीय जनता पार्टी के संकल्प पत्र में शामिल उस संकल्प को भी पूरा कर दिया, जिसमें 60 साल की बुजुर्ग महिलाओं को बसों में मुफ्त यात्रा देना शामिल था. अब हर रोज हजारों की संख्या में बुजुर्ग महिलाएं रोडवेज बसों से मुफ्त यात्रा करेंगी जिसका संदेश समाज में जाएगा और बीजेपी को उम्मीद है कि चुनाव में इसका लाभ मिलेगा. इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह भी घोषणा की है कि स्नातक में पढ़ रहीं 50 हजार छात्राओं को नवंबर माह में सरकार की तरफ से मुफ्त स्कूटी दी जाएगी. उन्होंने बेटी के जन्म से लेकर इंटर तक की शिक्षा सरकार की तरफ से मुफ्त कराने और भविष्य में भी महिलाओं को केंद्रित रखकर योजनाएं बनाने का भरोसा दिया.
अखिलेश यादव का नारी शक्ति समृद्धि योजना का दांव: भारतीय जनता पार्टी की तरह ही विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए समाजवादी पार्टी ने भी महिलाओं को लेकर बड़ा दांव खेल दिया है. समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव अपनी सरकार के कार्यकाल के दौरान महिलाओं के लिए चलाई गई योजनाओं का बखान करने के साथ ही भविष्य की योजनाओं का ऐलान कर रहे हैं. हाल ही में भाजपा सरकार की तरफ से बुजुर्ग महिलाओं को बसों में मुफ्त यात्रा के वादे को पूरा किए जाने के बाद अखिलेश यादव ने भी एक बड़ा वादा कर दिया है. सपा सरकार आने के बाद सभी महिलाओं को प्रदेश भर में मुफ्त यात्रा की सौगात देने और नारी शक्ति समृद्धि योजना लागू कर हर साल महिलाओं को 40 हजार रुपये देने का वादा किया गया है.
कांग्रेस और बसपा का महिला केंद्रित चुनावी प्लान: कांग्रेस पार्टी भी महिलाओं पर केंद्रित राजनीति के लिए विभिन्न तरह से काम कर रही है. इनमें महिलाओं की स्थिति बेहतर करने के लिए राहुल गांधी मनुस्मृति में महिलाओं की स्थिति बदहाल होने का हवाला दे रहे हैं और कांग्रेस पार्टी की सरकार आने पर महिलाओं की स्थिति बेहतर करने का वादा कर रहे हैं. उत्तर प्रदेश में कुछ माह बाद होने वाले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए महिलाओं को लेकर इस तरह की राजनीति शुरू हो गई है. कांग्रेस पार्टी की तरफ से हाल ही में पुणे में राहुल गांधी ने विशेष तौर पर महिलाओं को केंद्रित रखते हुए एक बड़ा आयोजन किया था.
राजनीतिक विश्लेषक की नजर में यूपी का सियासी समीकरण: बहुजन समाज पार्टी की तरफ से फिलहाल आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर एजेंडे में महिलाओं के लिए क्या कुछ खास होगा, इस योजना के बारे में कोई भी नेता खुलकर बोल नहीं रहा है. लेकिन जिस तरह सभी राजनीतिक दल महिलाओं के वोट हासिल करने के लिए योजनाएं बना रहे हैं, बसपा भी महिलाओं को इग्नोर नहीं करेगी. वरिष्ठ राजनीतिक विश्लेषक प्रभात रंजन दीन का कहना है कि आधी आबादी का राजनीति में अब महत्व बढ़ने लगा है. सभी राजनीतिक दल आधी आबादी को ज्यादा से ज्यादा अधिकार देने की बात करने लगे हैं.
बीजेपी और सपा के बीच कांटे की टक्कर: उत्तर प्रदेश की बात की जाए तो यहां पर भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने तमाम महिला केंद्रित योजनाएं बनाईं और उन्हें लागू भी किया, जिसका लाभ महिलाओं को मिल रहा है. इसी तरह समाजवादी पार्टी भी महिलाओं को लुभाने के लिए बड़े दांव खेल रही है और अखिलेश यादव ने नारी शक्ति समृद्धि योजना के जरिए हर साल 40,000 रुपये देने का वादा किया है. हालांकि जिस तरह उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और बसपा की स्थिति है, उससे कोई करिश्मा होता नजर नहीं आ रहा है. मुख्य रूप से यूपी में टक्कर भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी के बीच ही मानी जा रही है.
यह भी पढ़ें- UP का एक ऐसा गांव, जहां 400 साल से नहीं मनाया गया रक्षाबंधन, एक घटना ने बदल दी थी परंपरा
Powered by CM Sarkar Geeta Reporter
संबंधित ख़बरें

Lucknow News: नदी सभ्यताओं व विरासत संरक्षण पर लखनऊ में होगा अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन

प्रदेशीय जूडो में गोरखपुर ने जीते पांच पदक

UP Farmers Loan Scheme: यूपी के किसानों को 6 लाख तक का लोन, ऐसे उठाएं लाभ; जानें आवेदन की पूरी प्रक्रिया


