फर्जी सॉफ्टवेयर से बिना दस्तावेज आधार में कर देते थे फेरबदल; यूपी STF और मुंबई पुलिस ने लखनऊ में 2 शातिर को किया गिरफ्तार
फर्जी सॉफ्टवेयर से बिना दस्तावेज आधार में कर देते थे फेरबदल; यूपी STF और मुंबई पुलिस ने लखनऊ में 2 शातिर को किया गिरफ्तार गिरोह के दो वांछित अपराधियों को लखनऊ के दुबग्गा इलाके से किया गया गिरफ्तार By ETV Bharat Uttar Pra…

सौजन्य से:- ETV Bharat
फर्जी सॉफ्टवेयर से बिना दस्तावेज आधार में कर देते थे फेरबदल; यूपी STF और मुंबई पुलिस ने लखनऊ में 2 शातिर को किया गिरफ्तार
गिरोह के दो वांछित अपराधियों को लखनऊ के दुबग्गा इलाके से किया गया गिरफ्तार
By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : September 24, 2026 at 11:47 AM IST
लखनऊ: फर्जी दस्तावेजों के सहारे राष्ट्रीय सुरक्षा और पहचान प्रणाली में सेंध लगाने वाले एक बेहद शातिर अंतरराज्यीय गिरोह का यूपी एसटीएफ और महाराष्ट्र पुलिस ने पर्दाफाश किया है. बिना किसी वैध दस्तावेज के अनधिकृत सॉफ्टवेयर के जरिए आधार कार्ड, पैन कार्ड और फर्जी जन्म प्रमाण पत्र तैयार करने वाले गिरोह के दो वांछित अपराधियों को लखनऊ के दुबग्गा इलाके से गिरफ्तार किया गया है.
महाराष्ट्र की मुंबई पुलिस के पायधुनी थाने में दर्ज मुकदमे में वांछित चल रहे ये दोनों आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए उत्तर प्रदेश में छिपकर ठिकाने बदल रहे थे. यूपी एसटीएफ की अयोध्या फील्ड यूनिट ने मुंबई पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा.
गिरफ्तारी से बचने के लिए लखनऊ में छिपे थे आरोपी: मुंबई के पायधुनी थाने में फर्जी दस्तावेज तैयार करने के मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद मुंबई पुलिस लगातार आरोपियों की लोकेशन ट्रेस कर रही थी. जांच के दौरान मुंबई पुलिस को इनपुट मिला कि मुख्य आरोपी उत्तर प्रदेश के लखनऊ क्षेत्र में छिपे हैं, जिसके बाद यूपी एसटीएफ से आधिकारिक सहयोग मांगा गया.
एसटीएफ के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) प्रमेश कुमार शुक्ल के पर्यवेक्षण में अयोध्या फील्ड यूनिट के उपनिरीक्षक सौरभ मिश्रा, हेड कॉन्स्टेबल नीरज सिंह और चंद्र प्रकाश की टीम ने मोर्चा संभाला.
मुंबई पुलिस के एपीआई किरन मांढरे, हवलदार खान और सिपाही लोके के साथ संयुक्त टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से दुबग्गा क्षेत्र में दबिश देकर दोनों अभियुक्तों इम्तियाज सिद्दीकी और मो. तलहा खान को गिरफ्तार कर लिया.
अनधिकृत सॉफ्टवेयर से करते थे छेड़छाड़: एसटीएफ और मुंबई पुलिस की संयुक्त पूछताछ में मुख्य आरोपी इम्तियाज सिद्दीकी ने फर्जीवाड़े का पूरा नेटवर्क बयां किया. इम्तियाज बचपन में ही मुंबई चला गया था. शुरुआत में पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने का काम करते हुए उसने अपना जनसेवा केंद्र खोल लिया. इसी दौरान उसकी मुलाकात रामजीत नाम के शख्स से हुई, जिसने उसे आधार संशोधन का एक अनधिकृत और अवैध सॉफ्टवेयर उपलब्ध कराया.
इस टूल की मदद से वह बिना किसी वैध आईडी या सपोर्टिंग दस्तावेज के किसी का भी नाम, पता या विवरण मनमुताबिक बदल देता था. आरोपी जाली जन्म प्रमाण पत्र भी तैयार करते थे, जिसके आधार पर नए आधार और पैन कार्ड बनवाए जाते थे.
नेटवर्क बढ़ने पर इम्तियाज ने मो. तलहा खान (पुत्र शमीम खान) को भी इस गोरखधंधे में शामिल कर लिया था आरोपियों ने कुबूल किया कि बिना दस्तावेज आधार कार्ड और पैन कार्ड में फेरबदल करने के एवज में वे प्रति व्यक्ति 5000 से लेकर 10000 तक वसूलते थे. एसटीएफ के अनुसार मुख्य आरोपी इम्तियाज के खिलाफ मुंबई में पहले से भी तीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. मुंबई में शिकंजा कसने पर वह यूपी भाग आया था.
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर मुंबई पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ ले जाने की तैयारी कर रही है. एसटीएफ और पुलिस अब उस मुख्य सप्लायर (रामजीत) और इस अवैध सॉफ्टवेयर के नेटवर्क की तलाश में जुटी है, जिसने इन शातिरों को डेटाबेस में छेड़छाड़ करने वाला अवैध एक्सेस मुहैया कराया था.
लखनऊ से यूपी एसटीएफ और मुंबई पुलिस ने बिना दस्तावेज अवैध सॉफ्टवेयर से आधार व पैन कार्ड में बदलाव करने वाले दो शातिरों इम्तियाज और तलहा खान को गिरफ्तार किया है. मुंबई के पायधुनी थाने में दर्ज मुकदमे में दोनों वांछित थे और 5 से 10 हजार में जाली दस्तावेज तैयार करते थे.
यह भी पढ़ें: लखनऊ में गणेश प्रतिमा विसर्जन हादसा, सई नदी में डूबे 3 युवकों के शव बरामद; कासगंज में एक लापता
यह भी पढ़ें: लखनऊ में साइबर ठगी: रिटायर्ड दंपती 9 दिन रहे डिजिटल अरेस्ट, फर्जी CBI अफसर ने ऐंठे 9 लाख रुपये
Powered by CM Sarkar Geeta Reporter
संबंधित ख़बरें

ग्रेटर नोएडा बस अग्निकांड में 9 की मौत, पीएम मोदी, राष्ट्रपति दु:खी, मुआवजे का किया ऐलान

वाराणसी में बस की टक्कर से ठेकेदार की मौत: परिजनों ने किया चक्काजाम, पिता के साथ करता था ठेकेदारी - Varanasi News

कानपुर नगर निगम में टेंडर घोटाला; पुलिस ने निगमकर्मियों को पूछताछ के लिए नोटिस भेजा


