होममनोरंजन'हनुमान अंश' की टीम से मिले CM योगी आदित्‍यनाथ, शोभ‍िनव सत्‍या बोले- मैं मंदिर में रुका, ग्रामीणों का खाना खाया
मनोरंजन

'हनुमान अंश' की टीम से मिले CM योगी आदित्‍यनाथ, शोभ‍िनव सत्‍या बोले- मैं मंदिर में रुका, ग्रामीणों का खाना खाया

'हनुमान अंश' की बॉक्स ऑफिस पर बंपर सफलता के बीच, टीम ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की है। इस दौरान CM को फिल्म की कुछ झलकियां भी दिखाई गईं। दूसरी ओर, फिल्म के लीड एक्टर शोभिनव सत्या ने बताया कि वह शूट…

Navbharat Times के अनुसार10 सितंबर 2026 को 12:04 am बजे
'हनुमान अंश' की टीम से मिले CM योगी आदित्‍यनाथ, शोभ‍िनव सत्‍या बोले- मैं मंदिर में रुका, ग्रामीणों का खाना खाया

सौजन्य से:- Navbharat Times

'हनुमान अंश' की बॉक्स ऑफिस पर बंपर सफलता के बीच, टीम ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की है। इस दौरान CM को फिल्म की कुछ झलकियां भी दिखाई गईं। दूसरी ओर, फिल्म के लीड एक्टर शोभिनव सत्या ने बताया कि वह शूट पर मंदिर में रुके थे, ग्रामीणों का दिया खाना खाते थे।

नीम करोली बाबा पर बनी 'हनुमान अंश' इस साल बॉक्स-ऑफिस पर सबसे चौंकाने वाली बंपर हिट साबित है। महज ₹2 करोड़ में बनी इस भक्ति ड्रामा ने 33 दिनों में 7056% का मुनाफा कमाया है। फिल्म ₹143.13 करोड़ का नेट कलेक्शन कर चुकी है। इस बीच फिल्म की टीम ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की है। डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी के साथ ही इस दौरान पर्दे पर महाराज जी बने एक्टर शोभिनव सत्या भी मौजूद थे। यह फिल्म शोभिनव के लिए खास मायने रखती है, क्योंकि शुरू में उन्हें लीड रोल के लिए नहीं चुना गया था। एक्टर ने बताया कि शूटिंग के दौरान वह गांव में मंदिर में रुके थे, गांव वालों का दिया खाना खाते थे और यहां तक कि एक वक्त के बाद गांव वालों को आशीर्वाद भी देने लगे थे।

मंगलवार को 'हनुमान अंश' की टीम ने लखनऊ में मुख्यमंत्री कार्यालय जाकर योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार मुलाकात की। मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी तस्वीरें साझा की हैं। साथ ही एक वीडियो भी सामने आया है। बताया जाता है कि इस दौरान डायरेक्टर डॉ. विशाल चतुर्वेदी और शोभिनव ने CM योगी को फिल्म की विषयवस्तु और उसकी आध्यात्मिक यात्रा के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

CM योगी को दिखाई फिल्म की झलकियां, गुरु गोरखनाथ वाले सीन

फिल्म की टीम ने CM योगी को बताया कि 'हनुमान अंश' श्रद्धेय संत बाबा नीम करोली के जीवन, उनकी आध्यात्मिक साधना और भगवान हनुमान के प्रति उनकी अटूट भक्ति को केंद्र में रखकर बनाई गई है। इस मुलाकात को विशेष बनाते हुए टीम ने मुख्यमंत्री को फिल्म की कुछ महत्वपूर्ण झलकियां भी दिखाईं, जिनमें गुरु गोरखनाथ जी की पावन वाणियों से जुड़े दृश्य और नाथ परंपरा से संबंधित महत्वपूर्ण प्रसंग शामिल थे।

बाबा नीम करोली और नाथ परंपरा के संतों पर चर्चा

निर्माताओं ने यह भी मुख्यमंत्री को बताया कि फिल्म में बाबा नीम करोली और नाथ परंपरा के संतों के बीच ऐतिहासिक संबंधों और मुलाकातों को भी दर्शाया गया है, जो इसकी आध्यात्मिक कथा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। CM योगी आदित्यनाथ ने भी फिल्म से जुड़े सभी लोगों के प्रयासों की सराहना की और पूरी टीम को फिल्म की सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं।

एक्टर शोभिनव सत्या बोले- मैं शुरू में रोल करने से डर रहा था

दूसरी ओर, हाल ही एक इंटरव्यू में शोभिनव सत्या ने बताया कि उन्हें आध्यात्मिक गुरु नीम करोली बाबा का किरदार निभाने में 'डर' लग रहा था। वह सोच रहे थे कि क्या दर्शक उन्हें इस रोल में स्वीकार करेंगे या नहीं। 'दैनिक जागरण' से बातचीत में उन्होंने कहा, 'शुरू में इस किरदार को निभाने से पहले मैं बहुत डरा हुआ था कि मैं इसे कर पाऊंगा या नहीं। मेरे मन में डर था, क्योंकि मैं खुद भी आस्था रखने वाला इंसान हूं। मुझे डर था कि भविष्य में लोग कहेंगे, 'ये कौन सा बाबा ले लिया है?' ये सब मेरे दिमाग में चल रहा था। तब विशाल सर ने मुझे शांत किया और कहा कि मुझे बस परफॉर्म करना है, बाकी सब वो संभाल लेंगे।'

शोभिनव सत्या का खुलासा- मंदिर में रुका, गांवा वालों का दिया खाना खाया

शोभिनव सत्या ने यह भी बताया कि जब शूटिंग लोकेशन पर लोग उन्हें 'बाबा' कहकर बुलाने लगे, तो उनका आत्मविश्वास बढ़ा। उन्होंने कहा, 'जब शूटिंग शुरू हुई तो मैं मंदिर गया और वहां लोग 'बाबा, बाबा' कहने लगे। यह पहला दिन था और मुझे नहीं पता था कि मैं लोगों से जुड़ पा रहा हूं या नहीं। लेकिन दूसरे दिन, टीम बेस पर चली गई और मैं मंदिर में अकेला रह गया। मैं वहां बैठा था और किसी ने मुझसे पूछा कि क्या मैं कुछ खाऊंगा। पता नहीं क्यों, लेकिन मैंने उनसे थोड़ा लहसुन, नमक और रोटी लाने को कहा। वे गांव से ये चीजें ले आए और मैंने वहीं खाया।'

लीड एक्टर पड़ गया था बीमार, फिर शोभिनव को मिला नीम करोली बाबा का रोल

एक्टर ने आगे बताया, 'ऐसी चीजें मेरे साथ लगातार होती रहीं। मैं ऐसा करना नहीं चाहता था, लेकिन हो गया। मैंने लोगों को आशीर्वाद देना भी शुरू कर दिया।' इससे पहले 'हिंदी रश' के साथ बातचीत में शोभिनव सत्या ने कहा था कि वह यह सोच रहे था कि जो लोग उन्हें असिस्टेंट डायरेक्टर समझते हैं, क्या वह उन्हें लीड रोल में स्वीकार करेंगे? असल में 'हनुमान अंश' फिल्म के लीड हीरो की तबीयत खराब होने के कारण यह रोल अचानक शोभिनव सत्या की झोली में गिरा और यकीनन, उन्होंने इसे बखूबी निभाया भी।

लेखक के बारे मेंस्वपनल सोनलस्वपनल सोनल, नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में असिस्टेंट एडिटर हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके पास 14 वर्षों का अनुभव है। वह एंटरटेनमेंट एडिटर के तौर पर सिनेमा और सितारों की दुनिया को कवर कर रहे हैं। उनकी विशेष रुचि मनोरंजन के बदलते स्वरूप यानी OTT पर वेब सीरीज, फिल्म समीक्षा और बॉक्स ऑफिस के आंकड़ों में है। इसके अलावा, स्वपनल ने अपने करियर में राजनीति, समसामयिक घटनाओं, टेक्नोलॉजी और वायरल ट्रेंड्स जैसी बीट पर भी काम किया है। वह बीते 8 साल से NBT (Digital) के साथ जुड़े हुए हैं। उन्होंने जयपुर लिटरेचर फेस्टविल और प्रवासी भारतीय सम्मेलन की ग्राउंड रिपोर्टिंग की है। वे भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा, और गुरु जम्भेश्वर यूनिवर्सिटी से जनसंचार में स्नातकोत्तर हैं। उन्होंने अंग्रेजी साहित्य में स्नातक की डिग्री ली है।... और पढ़ें

कन्वर्सेशन शुरू करें

Entertainmentकी ताजा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज, अनकही और सच्ची कहानियां, सिर्फ खबरें नहीं उसका विश्लेषण भी। इन सब की जानकारी, सबसे पहले और सबसे सटीक हिंदी में देश के सबसे लोकप्रिय, सबसे भरोसेमंद Hindi Newsडिजिटल प्लेटफ़ॉर्म नवभारत टाइम्स पर

Powered by CM Sarkar Geeta Reporter

संबंधित ख़बरें