यूपी में लगातार बारिश और तूफानी हवाओं से भारी तबाही, अब तक 42 लोगों की मौत
यूपी में लगातार बारिश और तूफानी हवाओं से भारी तबाही, अब तक 42 लोगों की मौत उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश और तूफानी हवाओं ने भारी तबाही मचाई है। अलग-अलग जिलों में पेड़, कच्ची दीवार और मकान गिरने से अब तक 42 लोगों की मौत ह…

सौजन्य से:- Hindustan
यूपी में लगातार बारिश और तूफानी हवाओं से भारी तबाही, अब तक 42 लोगों की मौत
उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश और तूफानी हवाओं ने भारी तबाही मचाई है। अलग-अलग जिलों में पेड़, कच्ची दीवार और मकान गिरने से अब तक 42 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं।
उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश और तूफानी हवाओं ने शुक्रवार रात से शनिवार तक भारी तबाही मचाई है। अलग-अलग जिलों में पेड़, कच्ची दीवार और मकान गिरने से अब तक 42 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। अवध क्षेत्र की 23 लोगों की जान गई है। वहीं बुंदेलखंड और मध्य यूपी में आठ लोगों मरने की खबर है। ब्रज में एक, वाराणसी में दो और गोरखपुर-बस्ती मंडल में आठ लोगों की मौतें हुई हैं।
बहराइच में पांच मौतें: तूफानी हवाओं के साथ हुई भारी बारिश में कई मकान और पेड़ गिर गए। चार लोगों की मौत के साथ दीवार गिरने से एक बच्चे की भी जान गई। कैसरगंज तहसील क्षेत्र में दो, नानपारा में एक और बहराइच कोतवाली देहात क्षेत्र में रिक्रूट सिपाही समेत चार लोगों की मौत हुई। सड़क पर गिरे पेड़ और पोल से टकराने से भी हादसे हुए। हजारों पेड़ गिरने से पूरे जिले में बिजली ठप है और ब्लैकआउट जैसे हालात हैं।
सीतापुर में चार की मौत: हरगांव और महमूदाबाद में बारिश के बीच कच्ची दीवार गिरने से अलग-अलग हादसों में बुजुर्ग और बच्चों समेत चार लोगों की मौत हुई। लगातार बारिश से कच्चे मकानों पर खतरा बना हुआ है।
अयोध्या में चार की जान गई: अलग-अलग स्थानों पर पेड़ गिरने से चार लोगों की मौत हुई। रुदौली में 67 वर्षीय बुजुर्ग, अमानीगंज में सात वर्षीय बालक और मवई में युवक की मौत हुई। पूराकलंदर में कार पर पेड़ गिरने से आधा दर्जन लोग घायल हुए।
बाराबंकी में तीन मौतें: फतेहपुर, रामसनेहीघाट और मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्रों में पेड़ और मकान गिरने से महिला समेत तीन लोगों की मौत हुई। फतेहपुर के सरदारगंज में दीवार गिरने से 40 वर्षीय महिला, रामसनेहीघाट के गढ़ी गांव में बुजुर्ग पर पेड़ गिरने से और मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र में छेदा के पास दूध बेचकर लौट रहे युवक की पेड़ की चपेट में आने से मौत हुई। हादसों में पांच लोग घायल भी हुए।
बलरामपुर में दो मौतें: जिले में 72 घंटे से हो रही लगातार बारिश से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त है। बारिश में दो लोगों की मौत हुई और 11 घर धराशायी हो चुके हैं।
गोंडा में दो युवकों की मौत: धानेपुर थाना क्षेत्र के राजापुर मुरावन गांव के पास बाइक सवार बलरामपुर के इमरान (35) और खालिद (33) पर अचानक पेड़ की डाल टूटकर गिर गई। दोनों रेहरा बाजार थाना क्षेत्र के सकराड़िया बड़हरा भिटौरा गांव के निवासी थे। हादसे में दोनों की मौके पर मौत हो गई। चार लोग घायल भी हुए।
अमेठी में महिला की मौत: जामो थाना क्षेत्र के बलभद्रपुर में कच्ची दीवार गिरने से दबकर महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति घायल हो गया। जिले में करंट की चपेट में आने से एक युवक की भी मौत हुई है।
श्रावस्ती में एक की मौत: सोनवा थाना क्षेत्र के चद्दरख बुजुर्ग मजरा लोनियन पुरवा में बारिश से बचने के लिए हरिराम चौहान के परिवार और रिश्तेदार फूस के मकान में बैठे थे। तभी बगल का विशाल गूलर का पेड़ मकान पर गिर गया। अमर नाथ (35), सुनील (16), मीना (30), दयाराम (75) और कलावती (55) दब गए। हादसे में एक की मौत हो गई।
बुंदेलखंड और मध्य यूपी में आठ की मौत
लगातार तीन दिन से हो रही बारिश ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को वर्षा जनित हादसों में एक मासूम समेत आठ लोगों की मौत हो गई। इनमें से बुंदेलखंड में पांच और मध्य यूपी के तीन लोग शामिल हैं। इसके अलावा तीन दर्जन से अधिक मवेशियों की भी जान चली गई। वहीं कई कच्चे मकान धराशायी हो गए। गुरुवार से हो रही बारिश के चलते जहां लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। वहीं आठ लोगों की मौत हो गई। इनमें से सबसे ज्यादा तीन मौतें हमीरपुर में हुईं। इसके अलावा महोबा, बांदा, हरदोई, औरैया और फतेहपुर में एक-एक लोगों की जान चली गई। उरई में एक पेड़ स्लीपर बस पर गिर गया, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई। बारिश के चलते बड़ी संख्या में लोगों के कच्चे मकान गिर गए। कई मवेशियों की मौत हो गई। मौसम विभाग ने घरों पर रहने का अलर्ट जारी किया है।
पूरे ब्रज में मौसम बिगड़ने से जनजीवन बेहाल, फिरोजाबाद में एक मौत
पूरे ब्रज में मौसम बिगड़ने से जनजीवन बेहाल है। 24 घंटे से बारिश के चलते मैनपुरी में आधा दर्जन से अधिक कच्चे मकान गिर गए। दन्नाहार में एक मकान गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन लोग घायल हो गए। बिजली के 100 से अधिक पोल टूटे हैं। कासगंज के ढोलना में दो मकानों के लिंटर भरभराकर गिर गए। मकान में सो रहे लोग की किसी तरह जान बच गई। फिरोजाबाद के जसराना में एक मकान की दीवार गिर गई। हादसे में एक महिला घायल हो गई। एटा में कई स्थानों पर पेड और टिनशेड गिरे हैं। आगरा में ठंडी हवाएं चल रही हैं और बूंदाबांदी हो रही है। मथुरा में काले बादल छाए हैं।
वाराणसी में पेड़ और दीवार गिरने से दो की मौत
वाराणसी शुक्रवार रात से तेज हवा के साथ हो रही रुक-रुककर बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहर से लेकर गांव तक जलभराव की स्थिति बन गई है। पेड़ और दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हो गई है। कई जिलों में बिजली के तार और पोल गिर गए। इससे विद्युत आपूर्ति बाधित रही। बनारस में सुबह से 68 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चली। 19.8 एमएम बारिश हुई है। अधिकतम 27 और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
गोरखपुर-बस्ती मंडल में आठ की मौत
गोरखपुर-बस्ती मंडल में तीन दिन से लगातार मौसम का मिजाज बदला हुआ है। गुरुवार-शुक्रवार को दिनभर और रात में बारिश के बाद शनिवार सुबह से झड़ी लगी हुई है। आंधी से जगह-जगह पेड़ और पोल गिर गए। इसमें आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन जख्मी हो गए। गोरखपुर में पेड़ गिरने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर हैं। गोरखपुर में ही टूटे तार में फंसने से उसमें दौड़ रहे करंट से बालक की जान चली गई, जबकि पोल गिरने से बाइक सवार जख्मी हो गया। संतकबीरनगर में बस्ती के बाइक सवार सफाईकर्मी पर पेड़ गिर गया, बस्ती में कच्ची दीवार गिरने से सोते बुजुर्ग और पोल में करंट उतरने से महिला की मौत हो गई।
Powered by CM Sarkar Geeta Reporter
संबंधित ख़बरें

वाराणसी में चक्रवात में फंसी बिजली विभाग की गर्दन, आंधी-बारिश में बत्ती गुल, अंधेरे में डूबे इलाके तो कारोबार भी चौपट - varanasis electricity department in a bind due to the storm power outages caused by gale force winds and rain have plunged areas into darkness and crippled businesses

UP Election Survey: आ गया यूपी चुनाव का सबसे ताजा सर्वे, BJP को बंपर सीटें; SP का भी आंकड़ा जानिए

यूपी के शहरों के बीच बढ़ेगी हवाई कनेक्टिविटी, Air Ayodhya को मिली उड़ान की मंजूरी - air ayodhya gets nod for up air connectivity under udan scheme


