UP Rain Alert: लखनऊ से गोरखपुर-गोंडा तक मूसलाधार बारिश का तांडव, कहीं मकान ढहे तो कहीं पेड़ गिरे, जनजीवन प्रभावित
लगातार बारिश के कारण कई जिलों में जलभराव, पेड़ और कच्चे मकान गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। लखनऊ समेत प्रदेश कई जिलों में स्कूलों को भी भारी बारिश के चलते बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। मऊ में कच्चा मकान गिरा, तीन घाय…

सौजन्य से:- Navbharat Times
लगातार बारिश के कारण कई जिलों में जलभराव, पेड़ और कच्चे मकान गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। लखनऊ समेत प्रदेश कई जिलों में स्कूलों को भी भारी बारिश के चलते बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।
मऊ में कच्चा मकान गिरा, तीन घायल
मऊ के कोतवाली थाना क्षेत्र के परदहा इलाके में तेज आंधी और भारी बारिश के बीच एक कच्चा मकान गिर गया। हादसे के दौरान घर में मौजूद तीन लोग मलबे में दब गए। ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव शुरू किया और सभी घायलों को बाहर निकाला।घायलों को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक की हालत गंभीर बताई गई है। घायलों की पहचान रेनू सिंह, मीनू पटेल और प्रिंस सिंह के रूप में बताई गई है। सूचना मिलने पर कोतवाल समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
लखनऊ में पुराना बरगद गिरा, ऐतिहासिक गेट का हिस्सा भी ढहा
लखनऊ में लगातार बारिश के बीच कई जगहों पर पेड़ और जर्जर संरचनाएं प्रभावित हुईं। निशातगंज में करीब 100 साल पुराना बरगद का पेड़ गिर गया। इससे पार्क की बाउंड्री क्षतिग्रस्त हो गई और पास में खड़ा डाला भी टूट गया।वहीं हुसैनाबाद में सतखंडा चौकी के पास ऐतिहासिक गेट का ऊपरी हिस्सा अचानक गिर गया। गेट का हिस्सा गिरने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
सूचना मिलने पर सतखंडा पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर रास्ते पर आवाजाही रोक दी। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर गिरे हुए हिस्से के आसपास लोगों की आवाजाही भी रोक दी।
जलभराव की स्थिति का DM और नगर आयुक्त ने लिया जायजा
लखनऊ में भारी बारिश के बीच जिलाधिकारी और नगर आयुक्त ने कई इलाकों का दौरा कर जलभराव और जल निकासी की व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने अंडरपास, पंपिंग स्टेशन और जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया।नगर निगम की टीमें सभी जोनों में जल निकासी पर नजर रख रही हैं। स्मार्ट सिटी कंट्रोल रूम के जरिए बारिश की स्थिति की निगरानी की जा रही है और जरूरत के अनुसार टीमों को मौके पर भेजा जा रहा है।
पेड़ गिरने की स्थिति में उन्हें तत्काल हटाने और यातायात बाधित न होने देने के निर्देश दिए गए हैं। जलभराव या गिरे हुए पेड़ की शिकायत के लिए नगर निगम की हेल्पलाइन 1533 जारी की गई है।
गोंडा में पेड़ गिरने से दो युवकों की मौत
गोंडा में लगातार बारिश और तेज आंधी के बीच धानेपुर थाना क्षेत्र में बड़ा हादसा हुआ। शुक्लागंज-रेहरा मार्ग पर राजापुर मुरावन गांव के पास एक विशाल पेड़ गिरने से दो बाइक सवार उसकी चपेट में आ गए। दोनों युवकों की मौके पर मौत होने की सूचना है।मृतकों की पहचान 35 वर्षीय इमरान और 33 वर्षीय खालिद के रूप में बताई गई है। दोनों बलरामपुर जिले के रेहरा बाजार थाना क्षेत्र के निवासी थे। सूचना मिलने पर धानेपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की और परिजनों को सूचना दी।
जिले में लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण कई जगह पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की भी जानकारी सामने आई है।
श्रावस्ती में राप्ती नदी का जलस्तर बढ़ा
श्रावस्ती में भी लगातार बारिश के कारण स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। जिले में कई जगह जलभराव हुआ है और ग्रामीण इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ा है। नेपाल के पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश का असर भी जिले में दिखाई दे रहा है। राप्ती नदी का जलस्तर बढ़ने से नदी के किनारे बसे इलाकों में कटान और बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन की ओर से संवेदनशील इलाकों पर नजर रखी जा रही है।श्रावस्ती में पेड़ गिरने से परिवार के छह लोग दबे
श्रावस्ती के सोनवा थाना क्षेत्र के चन्दरखा बुजुर्ग के लोनियनपुरवा गांव में बारिश के दौरान बड़ा हादसा हुआ। एक परिवार के लोग छप्पर के नीचे बैठे थे, तभी पास खड़ा पुराना पेड़ गिर गया। पेड़ और छप्पर के मलबे में छह लोग दब गए। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव किया और सभी को बाहर निकाला। हादसे में एक व्यक्ति की मौत होने और पांच लोगों के घायल होने की सूचना है।उन्नाव में भी बारिश से जनजीवन प्रभावित
उन्नाव में करीब 36 घंटे से हो रही बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति है। जल निगम कार्यालय में भी पानी भरने की सूचना है। नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ने के साथ धान की खड़ी फसल को भी नुकसान की आशंका जताई गई है।अचलगंज क्षेत्र के आटा बंथर गांव में कच्चा घर गिरने से छह मवेशियों की मौत की सूचना है। आशा खेड़ा गांव में दीवार गिरने से एक पिता और उनकी दो बेटियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
सई नदी का जलस्तर बढ़ने से रसूलपुर बकिया मार्ग पर पानी भर गया है, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ है। डीएम घनश्याम मीणा ने अधिकारियों के साथ प्रभावित इलाकों का दौरा कर जलभराव वाले स्थानों से पानी निकालने के लिए पंपसेट लगाने और बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए।
बदायूं में खरीफ फसलों पर संकट
लगातार बारिश से बदायूं में धान, मक्का, बाजरा, उड़द और तिल जैसी खरीफ फसलों को नुकसान की आशंका है। कृषि विभाग की ओर से बीमित किसानों से फसल नुकसान की सूचना समय पर देने की अपील की गई है।बीमित किसान फसल क्षति की जानकारी संबंधित कार्यालय या फसल बीमा प्रतिनिधि को दे सकते हैं। इसके अलावा टोल फ्री नंबर 14447 पर भी सूचना दर्ज कराने की बात कही गई है। सूचना मिलने के बाद बीमा कंपनी की ओर से सर्वे कर वास्तविक नुकसान का आकलन किया जाएगा।
बदायूं में कच्चा आशियाना ढहा
बदायूं के सिरसौली गांव में बारिश के बीच एक कच्चा मकान ढह गया। बताया गया कि करीब एक सप्ताह पहले परिवार के मुखिया होरीलाल की बीमारी के चलते मौत हुई थी। इसके कुछ ही दिन बाद बारिश में उनका कच्चा मकान भी धराशायी हो गया।मकान गिरने के बाद परिवार के सामने रहने के लिए सुरक्षित छत की समस्या खड़ी हो गई है।
एटा में खाई में गिरी कार, ग्रामीणों ने किया रेस्क्यू
एटा में भारी बारिश के बीच एक ईको कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के गंज रोड पर मां जानकी कॉलेज के पास हुआ। कार के खाई में गिरने के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने बारिश के बीच राहत-बचाव शुरू किया और कार सवारों को सुरक्षित बाहर निकाला।फतेहपुर में 72 कच्चे मकान गिरे, एक की मौत
फतेहपुर जिले में लगातार बारिश से कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचा है। उपलब्ध रिपोर्ट के मुताबिक बारिश के चलते अब तक करीब 72 कच्चे मकान गिर चुके हैं। एक घटना में मकान के मलबे में दबने से छोटे भाई की मौत हो गई, जबकि बड़ा भाई घायल हो गया।हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन और राजस्व टीम ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। अधिकारियों की ओर से पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिया गया है।
एडीएम विनय पाण्डेय ने बारिश से हुए नुकसान और प्रशासन की ओर से किए जा रहे राहत कार्यों की जानकारी दी है।
गोरखपुर में मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित
गोरखपुर में भी लगातार बारिश का दौर जारी है। बुधवार सुबह से शुरू हुई बारिश शुक्रवार रात से शनिवार तक लगातार होती रही। इस दौरान शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई। शहर में करीब 34 पेड़ गिरने की सूचना है। इसके अलावा कई जगह बिजली के पोल गिरने और कुछ अन्य पेड़ों के कमजोर होकर गिरने की स्थिति में होने की जानकारी सामने आई है।बारिश के बीच प्रशासन और नगर निगम की टीमें सक्रिय रहीं। रास्तों पर गिरे पेड़ों को हटाने का काम किया गया, वहीं बिजली विभाग की टीमों ने गिरे हुए पोलों को हटाने और विद्युत व्यवस्था को संभालने का प्रयास किया।
प्रशासन अलर्ट, CM ने दिए फील्ड में रहने के निर्देश
भारी बारिश को देखते हुए प्रदेश सरकार ने प्रभावित जिलों में प्रशासन को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिलाधिकारियों को बारिश प्रभावित जिलों में सतर्क रहने और फील्ड में मौजूद रहकर स्थिति की निगरानी करने को कहा है। रेड अलर्ट वाले जिलों में शनिवार को स्कूल बंद रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।प्रशासन की प्राथमिकता जलभराव वाले इलाकों से पानी निकालने, जर्जर मकानों और कच्चे घरों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने, पेड़ गिरने से बाधित रास्तों को खोलने और बिजली व्यवस्था को सामान्य रखने की है।
मौसम विभाग के अनुसार 27 सितंबर तक प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है।
Powered by CM Sarkar Geeta Reporter
संबंधित ख़बरें

कानपुर में फॉर्च्यूनर टैंकर से टकराई, करोड़पति कारोबारी की मौत: डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में पहुंची; स्टीयरिंग में बुरी तरह फंसे - Narval News

यूपी में चार कत्ल और आरोपी का एनकाउंटर: पिता की गोली से ही हुई थी बच्चे की मौत, इस रिपोर्ट में हुआ बड़ा खुलासा; अब घर में ताला

कानपुर: महोली में भीषण सड़क हादसा, अनियंत्रित फॉर्च्यूनर गैस टैंकर में घुसी, फैक्टरी मालिक की मौके पर मौत


