यूपी पुलिस की संवेदनहीनता से मासूम बेटी के सामने नहर में डूब गए पिता, सीमा विवाद में उलझी रही दो थानों की पुलिस
यूपी पुलिस की संवेदनहीनता से मासूम बेटी के सामने नहर में डूब गए पिता, सीमा विवाद में उलझी रही दो थानों की पुलिस मानकनगर और कृष्णानगर थाना क्षेत्र का मामला. भड़का जनआक्रोश, पार्षद के नेतृत्व में लगाया जाम. By ETV Bharat U…

सौजन्य से:- ETV Bharat
यूपी पुलिस की संवेदनहीनता से मासूम बेटी के सामने नहर में डूब गए पिता, सीमा विवाद में उलझी रही दो थानों की पुलिस
मानकनगर और कृष्णानगर थाना क्षेत्र का मामला. भड़का जनआक्रोश, पार्षद के नेतृत्व में लगाया जाम.
By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : August 11, 2026 at 8:06 AM IST
लखनऊ : मानकनगर थाना क्षेत्र इलाके में हादसे के शिकार होने के बाद नहर में गिरे एक शख्स की मासूम बेटी के सामने ही मौत हो गई. बेटी डूब रहे पिता को बचाने की गुहार लगाती रही, लेकिन कोई मदद को आगे नहीं आया. वहीं कुछ देर बाद पहुंचे पुलिसकर्मी थाना क्षेत्रों की सीमा को लेकर उलझे रहे. करीब दो घंटे एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और नहर में सर्च अभियान चलाकर शव बरामद किया.
बताया गया कि कृष्णानगर के खुशी विहार निवासी रवि कुशवाहा (41) एलआईसी एजेंट थे. सोमवार को वे अपनी बेटी वंशिका (8) को स्कूल से लेकर घर लौट रहे थे. कनौसी ओवरब्रिज के पास सामने से अचानक आए ट्रक से बचने की कोशिश में बाइक पुलिया से टकरा गई और टक्कर के बाद रवि उछलकर बगल में बह रही उफनाती नहर में गिरे गए. वंशिका सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नहर में गिरने के बाद रवि कुशवाहा ने बाहर निकलने के लिए आखिरी सांस तक संघर्ष किया. रवि करीब 6 फीट गहरे पानी के तेज बहाव में हाथ-पांव मारते रहे और मदद की गुहार लगाते रहे. किनारे खड़ी वंशिका भी पापा को डूबता देख चीखती-चिल्लाती रही और बचाने की गुहार लगाती रही, लेकिन पानी के तेज बहाव के कारण कोई नहर में उतरने की हिम्मत नहीं जुटा सका. कुछ देर बाद रवि गहरे पानी में ओझल हो गए.
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने डायल 112 को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस मदद करने या तुरंत गोताखोर बुलाने के बजाय इस बात पर बहस करती रही कि घटनास्थल मानकनगर थाने में है या आलमबाग थाना क्षेत्र में. खाकी की इस संवेदनहीनता और लापरवाही के कारण कीमती समय बर्बाद होता रहा. घटना के पूरे दो घंटे बाद दोपहर करीब 1:00 बजे एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया. इसके बाद घटनास्थल से मात्र 20 मीटर दूर झाड़ियों में फंसा रवि का शव बरामद हुआ.
पुलिस के इस अमानवीय रवैये और दो घंटे तक कोई रेस्क्यू न किए जाने से नाराज स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. केसरी खेड़ा वार्ड के क्षेत्रीय पार्षद देवेंद्र सिंह जीतू के नेतृत्व में आक्रोशित लोगों ने सड़क पर बैठकर धरना शुरू कर दिया. सड़क जाम होने से काफी देर तक आवागमन पूरी तरह ठप रहा. बाद में मौके पर पहुंचे तहसीलदार, डीआरएम के पीआरओ और पुलिस के अधिकारियों ने किसी तरह उग्र लोगों को जांच और कार्रवाई का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया.
थाना अध्यक्ष मानकनगर अजीत कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी और एसडीआरएफ को रेस्क्यू के लिए सूचित किया गया था. शव बरामद होने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. परिजनों की तहरीर और घटना के हर पहलू की जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें : लखनऊ: दुकानदार ने पुलिस पर लगाया बदसलूकी का आरोप
Powered by CM Sarkar Geeta Reporter
संबंधित ख़बरें

लखनऊ में थाली-चम्मच बजाकर सपा कार्यकर्ताओं का हल्ला बोल, पुलिस से नोकझोंक

वाराणसी की कल की 10 बड़ी खबरें: प्रॉपर्टी डीलर से 16.62 करोड़ की धोखाधड़ी करने वाला गिरफ्तार, 26 लाख की BMW सुपरबाइक सीज - Varanasi News

'AIMIM के बिना योगी को हराना मुश्किल', ओवैसी की पार्टी के नेता का सपा-कांग्रेस पर हमला


