प्रयागराज में 22 बीघा जमीन पर बनेगा हाईटेक पार्क; टॉय ट्रेन, मोशन थिएटर और हर्बल गार्डन का लुत्फ उठाएंगे लोग - prayagraj to get hightech park with traffic zone gym more
प्रयागराज में 22 बीघा जमीन पर बनेगा हाईटेक पार्क; टॉय ट्रेन, मोशन थिएटर और हर्बल गार्डन का लुत्फ उठाएंगे लोग नगर निगम प्रयागराज राजरूपपुर में 22 बीघा से अधिक जमीन पर एक हाईटेक पार्क विकसित कर रहा है। HighLights - राजरूपप…

सौजन्य से:- Jagran
प्रयागराज में 22 बीघा जमीन पर बनेगा हाईटेक पार्क; टॉय ट्रेन, मोशन थिएटर और हर्बल गार्डन का लुत्फ उठाएंगे लोग
नगर निगम प्रयागराज राजरूपपुर में 22 बीघा से अधिक जमीन पर एक हाईटेक पार्क विकसित कर रहा है।
HighLights
- राजरूपपुर में 22 बीघा से अधिक जमीन पर हाईटेक पार्क।
- बच्चों के लिए ट्रैफिक पार्क, टॉय ट्रेन और मोशन थिएटर।
- बड़ों के लिए ओपन एयर जिम और हर्बल गार्डन भी।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। स्मार्ट सिटी योजना के तहत शहरवासियों को मनोरंजन के साथ बेहतर सुविधाएं देने के लिए नगर निगम राजरूपपुर क्षेत्र में 22 बीघा से अधिक जमीन पर हाईटेक पार्क विकसित करने की तैयारी कर रहा है।
पार्क में बच्चों के मनोरंजन के साथ उनके ज्ञान और व्यवहारिक सीख पर भी विशेष जोर दिया जाएगा। इसके लिए एक बीघा से अधिक क्षेत्रफल में ट्रैफिक पार्क बनाया जाएगा। यहां बच्चे खेल-खेल में यातायात नियमों की जानकारी हासिल करेंगे और सड़क पर सुरक्षित वाहन चलाने का तरीका सीखेंगे।
ट्रैफिक पार्क में बच्चों के लिए छोटे इलेक्ट्रिक वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे। बच्चे इन वाहनों को चलाकर यातायात नियमों का व्यावहारिक अनुभव ले सकेंगे। पार्क में सड़क, चौराहे और यातायात संकेतों का मॉडल तैयार किया जाएगा। बच्चों को रेड, ग्रीन और अन्य ट्रैफिक सिग्नल के महत्व की जानकारी दी जाएगी। इससे उन्हें कम उम्र में ही यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने में मदद मिलेगी।
नगर निगम की योजना है कि पार्क को इस तरह विकसित किया जाए, जिससे बच्चों के लिए सीखना बोझिल न लगे और मनोरंजन के साथ यातायात का ज्ञान भी मिलता रहे। वार्ड नंबर 54 में 22 बीघा का पार्क बदहाल है उसी पार्क को बेहतर करने की योजना निगम तैयार की गई है।
शहर का पहला ऐसा वार्ड है जहां पर 22 बीघा का पार्क है। यह पार्क तैयार होने के बाद राजरूपपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए प्रमुख मनोरंजन स्थल के रूप में विकसित होगा।
मनोरंजन की भी होगी भरपूर व्यवस्था
हाईटेक पार्क में केवल ट्रैफिक पार्क ही नहीं, बल्कि मनोरंजन के लिए भी कई सुविधाएं विकसित की जाएंगी। बच्चों के लिए ट्वाय ट्रेन और विभिन्न प्रकार के झूले लगाए जाएंगे। गेम पार्लर की सुविधा भी उपलब्ध कराने की योजना है। परिवार के साथ आने वाले लोगों के लिए कैफे और टी स्टॉल बनाए जाएंगे। पार्क में जगह-जगह बैठने के लिए कुर्सियां लगाई जाएंगी, ताकि लोग आराम से समय बिता सकें।
पार्क में मोशन थिएटर की भी व्यवस्था की जाएगी। इसके माध्यम से बच्चों और अन्य लोगों को मनोरंजक तरीके से विभिन्न विषयों की जानकारी देने की योजना है। पार्क में हरियाली और पर्यावरण को बढ़ावा देने के लिए हर्बल गार्डन भी तैयार किया जाएगा। यहां विभिन्न औषधीय पौधे लगाए जाएंगे, जिससे लोगों को इनके महत्व की जानकारी मिल सके। पार्क में लोग रात में भी टहल सकें इसके लिए सोलर स्ट्रीट लाइट लगाई जाएगी।
ओपन एयर जिम से सेहत का भी ख्याल
22 बीघा के दायरे में विकसित होने वाले पार्क में लोगों की सेहत को ध्यान में रखते हुए ओपन एयर जिम भी बनाया जाएगा। सुबह और शाम टहलने आने वाले लोगों को व्यायाम की सुविधा मिलेगी। इससे पार्क बच्चों के साथ युवाओं और बुजुर्गों के लिए भी उपयोगी साबित होगा। नगर निगम की कोशिश है कि एक ही परिसर में मनोरंजन, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
यह भी पढ़ें- प्रयागराज : संगम क्षेत्र में मनसैता नाला पर 8 स्थायी पुलिया, 20 करोड़ होंगे खर्च; श्रद्धालुओं का सुगम होगा आवागमन
10 करोड़ रुपये से अधिक धनराशि होगी खर्च
राजरूपपुर में 22 बीघा से अधिक क्षेत्रफल में विकसित होने वाले इस हाईटेक पार्क पर 10 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। शुरुआती स्तर पर पार्क के विकास के लिए तीन से पांच करोड़ रुपये की धनराशि खर्च किए जाने की बात कही गई है, जबकि परियोजना के विभिन्न कार्यों और सुविधाओं को शामिल करने पर कुल लागत 10 करोड़ रुपये से अधिक पहुंचने का अनुमान है। पार्क को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के साथ बच्चों के लिए सुरक्षित और आकर्षक वातावरण तैयार करने पर जोर रहेगा।
राजरूपपुर में 22 बीघा से अधिक दायरे में पार्क का विकसित किया जाएगा। इस पार्क में ट्रैफिक पार्क के अलावा व्यायाम में लिए ओपन एयर जिम का प्रबंध किया जाएगा। 10 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि पार्क को विकसित करने में खर्च किया जाएगा। कार्य योजना बनाई जा रही है,जल्द ही पार्क को संवारने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
दिनेश चंद्र सचान, मुख्य अभियंता, नगर निगम, प्रयागराज
Powered by CM Sarkar Geeta Reporter
संबंधित ख़बरें

यूपी के पहले यादव मुख्यमंत्री कौन? मुलायम सिंह यादव भी थे मंत्री, रिक्शे से राजभवन पहुंचे थे सादगी की मिसाल

विद्युत सखी योजना: महिलाओं का स्वावलंबन और रोजगार

दिव्यांग छात्राओं के लिए मुफ्त ई-ट्राईसाइकिल योजना | योगी सरकार की पहल, आवेदन प्रक्रिया हुई शुरू


