भारत में पहली बार विरासत और विकास साथ दिख रहा : योगी
भारत में पहली बार विरासत और विकास साथ दिख रहा : योगी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत अब विश्व की टॉप-4 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास और विरासत का अद्भुत समन्वय हो रहा है। उ…

सौजन्य से:- Hindustan
भारत में पहली बार विरासत और विकास साथ दिख रहा : योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत अब विश्व की टॉप-4 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास और विरासत का अद्भुत समन्वय हो रहा है। उन्होंने सोचा कि यह यात्रा सकारात्मकता के साथ देश को आगे बढ़ाएगी और युवाओं को सेवा संकल्प में शामिल होने का आग्रह किया।
वाराणसी, विशेष संवाददाता। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत को दुनिया में कभी शक की निगाहों से देखा जाता था। लेकिन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के संघर्षों ने भारत की अर्थव्यवस्था को विश्व की टॉप-4 अर्थव्यवस्था में खड़ा किया है। योगी ने कहा कि नया भारत विरासत का भी सम्मान करता है। देश में पहली बार विरासत और विकास का अद्भुत समन्वय दिख रहा है। मोदी के नेतृत्व में भारत विकास के साथ गौरव भी हासिल कर रहा है। गुरुवार को रुद्राक्ष सभागार में सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वर्ष हमारे लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। 07 अक्तूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री की शपथ ली थी। तब से बिना रुके, झुके और डिगे ‘चरैवेति-चरैवेति’ मंत्र के साथ विकास यात्रा को आगे बढ़ाया। अब प्रधानमंत्री के रूप में उनकी यात्रा में देशवासी नए भारत पर गौरव की अनुभूति कर रहे हैं। मोदी के नेतृत्व में आज का भारत सभी चुनौतियों के लिए तैयार खड़ा है। अब दुनिया से आंख से आंख मिलाकर बात करता है।
दुनिया देख रही पीएम का तप
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में योग को वैश्विक मान्यता और यूनेस्को की ओर से कुंभ को मानवता के अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर के रूप में मान्यता मिली। यह भी सफलता की उस कहानी का हिस्सा है, जिसे दुनिया सबसे लोकप्रिय राजनेता और प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के परिश्रम, तप, साधना के रूप में देख रही है। काशी विश्वनाथ धाम, 500 वर्ष बाद अयोध्या में प्रभु श्रीराम का विराजमान होना, विंध्यवासिनी धाम कॉरिडोर, 2019 का कुंभ और 2025 का प्रयागराज महाकुंभ, बद्रीनाथ धाम, केदारपुरी और महाकाल लोक नए भारत के दर्शन करा रहे हैं।
पीएम का विजन उतरेगा धरातल पर
सीएम योगी ने विश्वास जताया कि यह यात्रा ऊर्जा से भरपूर सकारात्मक भाव के साथ एक भारत-श्रेष्ठ भारत, विरासत और विकास, सबका साथ-सबका विकास के मंत्र के साथ अपनी छाप छोड़ेगी और पीएम मोदी जी के विजन को धरातल पर उतारने में सफल होगी। काशी से वडनगर तक की यह यात्रा एक भारत श्रेष्ठ भारत का सुंदर उदाहरण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में कोविड काल से लगातार 80 करोड़ लोगों को निशुल्क राशन मिल रहा है। सीएम ने इंफ्रास्ट्रक्चर के जरिए रोड, एयर, रेल कनेक्टिविटी, मेट्रो आदि की भी चर्चा की।
सेवा संकल्प में सहभागी हैं भारतवासी
सीएम योगी ने कहा कि आज से 75 वर्ष पहले वडनगर से भी एक यात्रा प्रारंभ हुई थी। वहां के सामान्य परिवार में जन्म लेकर भारत के प्रधानमंत्री और विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता के रूप में मोदी की यात्रा देश-दुनियावासी देख रहे हैं। 25 वर्ष पहले सेवा की जो यात्रा मोदी जी ने गुजरात से प्रारंभ की थी, उसमें भारत का हर नागरिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहभागी रहा है।
युवाओं का किया अभिनंदन
मुख्यमंत्री ने 20 दिन की बाइक यात्रा में समय देने वाले युवाओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि युवाओं को प्रतिदिन 100 किलोमीटर की दूरी तय कर चार बड़े कार्यक्रमों से जुड़ना है। रोमांच से भरी इस यात्रा के जरिए युवाओं का अलग-अलग राज्यों में संवाद एवं सेवा के कार्यक्रमों से भी जुड़ाव होगा। 7 अक्तूबर तक चलने वाली यह यात्रा हमेशा स्मरणीय रहेगी।
सबके जीवन में बदलाव
सीएम ने प्रधानमंत्री की 25 वर्ष की राजनीतिक यात्रा के दौरान आए बदलाव की कहानी सुनाई। कहा कि गांव अपनी बदलती कहानी को सुनाते हुए आत्मनिर्भर हो गए हैं। आजादी के बाद दशकों तक गरीबों को आवास नहीं मिला, लेकिन पीएम मोदी ने 12 वर्ष में 4 करोड़ लोगों को आवास उपलब्ध कराया। घर में शौचालय न होने के कारण नारी को अंधेरा होने का इंतजार करना पड़ता था, किंतु आज 12 करोड़ घरों में बने शौचालय नारी गरिमा के प्रतीक हैं।
गांव-गांव में बैंकिंग सेवा
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी जी के 25 वर्ष के सेवा संकल्प की यह यात्रा बिना किसी सिफारिश, लेनदेन के योग्यतानुसार युवाओं को नौकरी मिलने की कहानी सुनाती है। यह यात्रा 11 करोड़ परिवारों में उज्जवला योजना के तहत हर माता के जीवन में आए बदलाव की कहानी भी सुना रही है। गांव-गांव में इंटरनेट व बैंकिंग सेवा मिल रही है। देश के करोड़ों नौजवानों के जीवन में परिवर्तन आया है।
मंचासीन
मंच पर भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं सांसद बीडी शर्मा, राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश के सह प्रभारी जगदीश पटेल, आंध्र प्रदेश के सांसद लवु श्रीकृष्ण, सतीश बाबू, कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवींद्र जायसवाल, जेपीएस राठौर एवं डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु, राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, मेयर अशोक तिवारी, एमएलसी अश्विनी त्यागी, एमएलसी अरुण पाठक, एमएलसी धर्मेंद्र सिंह, प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश कोरी, क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, डॉ. अवधेश सिंह, टी राम, सुनील पटेल, सौरभ श्रीवास्तव, जिला पंचायत की प्रशासक पूनम मौर्या उपस्थित रही।
Powered by CM Sarkar Geeta Reporter
संबंधित ख़बरें

Lucknow News: अयोध्या-वाराणसी के आचार्यों ने किया गणपति बप्पा का पूजन

गोरखपुर में भागवत महापुराण कथा ज्ञानयज्ञ का शुभारंभ, CM योगी बोले- श्रीमद्भागवत दिखाती है सत्य का मार्ग - yogi adityanath bhagwat katha guides amidst social media halftruths

गोरखपुर में सड़क हादसे और कैंसर पीड़ित परिवारों से मिले सीएम योगी, मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सौंपे आर्थिक मदद के चेक - cm yogi provides aid to bereaved families in gorakhpur


