वर्दी तो नहीं पहनी थी, पर वफादारी में किसी सिपाही से नहीं था कम; गोरखपुर में SSP ने शहीद श्वान "वैनमोर" को दी अंतिम सलामी
वर्दी तो नहीं पहनी थी, पर वफादारी में किसी सिपाही से नहीं था कम; गोरखपुर में SSP ने शहीद श्वान "वैनमोर" को दी अंतिम सलामी वैनमोर को पुलिस लाइन के शहीद स्मारक पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई. By ETV Bharat…

सौजन्य से:- ETV Bharat
वर्दी तो नहीं पहनी थी, पर वफादारी में किसी सिपाही से नहीं था कम; गोरखपुर में SSP ने शहीद श्वान "वैनमोर" को दी अंतिम सलामी
वैनमोर को पुलिस लाइन के शहीद स्मारक पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई.
By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : August 4, 2026 at 4:40 PM IST
गोरखपुर: सेवा, समर्पण और वफादारी की मिसाल बने गोरखपुर पुलिस के खोजी जांबाज स्निफर डॉग "वैनमोर" को मंगलवार को पुलिस लाइन के शहीद स्मारक पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों ने 2 मिनट का मौन रखकर इस बहादुर साथी को नमन किया, जिसने अपने सेवाकाल में गोरखनाथ मंदिर की सुरक्षा समेत कई अहम अभियानों में अहम भूमिका निभाई.
श्रद्धांजलि में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर वैनमोर को भावभीनी श्रद्धांजलि दी. इस अवसर पर सहायक पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी लाइन, प्रतिसार निरीक्षक, डॉग स्क्वाड की पूरी टीम और बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे. सभी ने 2 मिनट का मौन रखकर बहादुर श्वान की उत्कृष्ट सेवाओं को याद किया.
पुलिस विभाग के अनुसार, जर्मन शेफर्ड नस्ल का नर श्वान वैनमोर साल 2018 में मध्य प्रदेश से विशेष प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद गोरखपुर पुलिस के श्वान दस्ते में शामिल हुआ था. प्रशिक्षण के बाद उसने अपनी सूझबूझ, तेज सूंघने की क्षमता और अनुशासित कार्यशैली के दम पर कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया. अपने सेवाकाल के दौरान वैनमोर ने श्री गोरखनाथ मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
इसके अलावा VIP और VVIP कार्यक्रमों में सुरक्षा जांच, महत्वपूर्ण स्थलों की तलाशी, घटनास्थलों का निरीक्षण, खोजी अभियानों और कई मामलों के सफल अनावरण में उसका योगदान सराहनीय रहा. कठिन परिस्थितियों में भी उसने अपने कर्तव्य का पूरी निष्ठा और दक्षता के साथ निर्वहन किया, जिससे वह पुलिस विभाग का भरोसेमंद साथी बन गया.
श्रद्धांजलि समारोह के दौरान उपस्थित अधिकारियों और डॉग स्क्वाड के जवानों की आंखें भी नम दिखीं. सालों तक पुलिस टीम के साथ मिलकर काम करने वाले वैनमोर की विदाई ने सभी को भावुक कर दिया. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और अन्य पुलिस अधिकारियों ने कहा कि वैनमोर की निष्ठा, साहस और सेवा भावना हमेशा प्रेरणा देती रहेगी. उसकी उत्कृष्ट सेवाओं को गोरखपुर पुलिस परिवार सदैव सम्मान और गर्व के साथ याद रखेगा.
अभी करीब एक माह पहले 2 जुलाई को पुलिस श्वान दस्ते के बहादुर और कर्तव्यनिष्ठ सदस्य ‘उत्लम’ का निधन हो गया था. गोरखपुर पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक पर उसको भी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई थी. SSP समेत कई अफसरों ने नम आंखों से उसे अपने कंधे पर विदाई दी थी.
श्वान ‘उत्लम’ (नर) वर्ष 2012 में मध्य प्रदेश से विशेष प्रशिक्षण प्राप्त कर गोरखपुर पुलिस के श्वान दस्ते में शामिल हुआ था. अपने लंबे सेवाकाल के दौरान उसने अनेक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया था. ‘उत्लम’ ने वीआईपी और वीवीआईपी ड्यूटी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में अहम भूमिका निभाई. रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन और अन्य संवेदनशील स्थानों पर उसकी तैनाती के दौरान उसने सुरक्षा जांच को प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया था.
ये भी पढ़ें- गोरखपुर डॉग स्क्वायड के जांबाज उत्लम का निधन, पुलिस लाइन में दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि, राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार
Powered by CM Sarkar Geeta Reporter
संबंधित ख़बरें

यूपी के 20 शहरों में बारिश, अस्पताल में घुसा पानी: प्रयागराज में खुसरोबाग किले की दीवार ढही, डीसीएम पर पेड़ गिरा; 75 जिलों में अलर्ट - Uttar Pradesh News

यूपी विधानसभा में अनुपूरक बजट हुआ पास, सीएम योगी आदित्यनाथ का सपा पर हमला- ‘युवा, किसान और महिला विरोधी’

गोरखपुर में तरंग ओवरब्रिज का अनुरक्षण बना मुसीबत, 20 अगस्त तक बंद रहेगा पुल - gorakhpur tarang overbridge closure extended to aug 20


