यूपी में घर-घर पहुंचकर पात्रों को दिया जाएगा सरकारी योजनाओं का लाभ, एक महीने तक चलेगा अभियान - seva sankalp abhiyan welfare schemes for gorakhpur residents
यूपी में घर-घर पहुंचकर पात्रों को दिया जाएगा सरकारी योजनाओं का लाभ, एक महीने तक चलेगा अभियान प्रदेश सरकार 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक 'सेवा संकल्प अभियान' चलाएगी, जिसका उद्देश्य पात्र और जरूरतमंद लोगों तक जनकल्याणकारी योज…

सौजन्य से:- jagran.com
यूपी में घर-घर पहुंचकर पात्रों को दिया जाएगा सरकारी योजनाओं का लाभ, एक महीने तक चलेगा अभियान
प्रदेश सरकार 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक 'सेवा संकल्प अभियान' चलाएगी, जिसका उद्देश्य पात्र और जरूरतमंद लोगों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
HighLights
- अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा।
- पात्रों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा।
- विकसित भारत-2047 के संकल्प से लोगों को जोड़ा जाएगा।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान के माध्यम से पात्र और जरूरतमंद लोगों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के साथ उन्हें विकसित भारत-2047 के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ा जाएगा।
अभियान की तैयारियों को लेकर रविवार को एनेक्सी भवन सभागार में जल शक्ति मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि संगठन और सरकार के सामने पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने का यह महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने अधिकारियों से अधिक से अधिक पात्र लोगों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने को कहा। उन्होंने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल में किए गए जनकल्याणकारी कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना है।
सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को केंद्र में रखकर किए गए नीतिगत सुधारों, जनकल्याणकारी कार्यों और महत्वपूर्ण बदलावों से लोगों को अवगत कराया जाएगा। केंद्र सरकार के पिछले 12 वर्षों और प्रदेश सरकार के पिछले 10 वर्षों के विकास कार्यों को लोगों के समक्ष रखा जाएगा।
17 सितंबर को आशीर्वाद का दीया से होगी कार्यक्रम की शुरुआत
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने अभियान के तहत होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम से अभियान की शुरुआत होगी। इसमें नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं के लाभार्थी दीप प्रज्ज्वलित करेंगे। 17 सितंबर से सात अक्टूबर तक मेरे सपनों का भारत चित्र सेवा कार्यक्रम आयोजित होगा। नमो सेवा अनकही कहानियों के तहत भी विभिन्न कार्यक्रम होंगे।
25 सितंबर से सात अक्टूबर तक आंगन मिलन सेवा के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर संवाद कार्यक्रम होंगे। सात अक्टूबर को सेवा ज्योति यात्रा निकाली जाएगी। इसके अलावा 25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत, कहानी बदलाव की, विकसित भारत संकल्प यात्रा, वडनगर से वाराणसी यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान और रंगोली राष्ट्र जैसी थीम पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
स्मारकों पर लेजर शो और गांवों में चौपाल
अभियान के दौरान जिले के प्रमुख स्मारकों पर लेजर शो, महायज्ञ, प्रार्थना सभाएं, ग्राम चौपाल और आमजन के साथ सीधे संवाद जैसे कार्यक्रम भी होंगे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को विभागवार कार्ययोजना तैयार कर समय से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी समन्वय बनाए रखा जाए। अभियान का उद्देश्य अधिकाधिक पात्र और जरूरतमंद लोगों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Powered by CM Sarkar Geeta Reporter
संबंधित ख़बरें

Lucknow News: अयोध्या-वाराणसी के आचार्यों ने किया गणपति बप्पा का पूजन

गोरखपुर में भागवत महापुराण कथा ज्ञानयज्ञ का शुभारंभ, CM योगी बोले- श्रीमद्भागवत दिखाती है सत्य का मार्ग - yogi adityanath bhagwat katha guides amidst social media halftruths

गोरखपुर में सड़क हादसे और कैंसर पीड़ित परिवारों से मिले सीएम योगी, मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सौंपे आर्थिक मदद के चेक - cm yogi provides aid to bereaved families in gorakhpur


