होमशिक्षा-करियरलखनऊ में मूसलाधार बारिश, सड़कें जलमग्न, घरों में घुसा पानी
शिक्षा-करियर

लखनऊ में मूसलाधार बारिश, सड़कें जलमग्न, घरों में घुसा पानी

लखनऊ में मूसलाधार बारिश, सड़कें जलमग्न, घरों में घुसा पानी Lucknow News In Hindi: बारिश का सबसे ज्यादा असर जानकीपुरम में देखने को मिला. यहां कई घरों के मेन गेट और ग्राउंड फ्लोर पूरी तरह पानी में डूब गए हैं. लोगों को सामा…

ABP News के अनुसार16 अगस्त 2026 को 11:55 am बजे
लखनऊ में मूसलाधार बारिश, सड़कें जलमग्न, घरों में घुसा पानी

सौजन्य से:- ABP News

लखनऊ में मूसलाधार बारिश, सड़कें जलमग्न, घरों में घुसा पानी

Lucknow News In Hindi: बारिश का सबसे ज्यादा असर जानकीपुरम में देखने को मिला. यहां कई घरों के मेन गेट और ग्राउंड फ्लोर पूरी तरह पानी में डूब गए हैं. लोगों को सामान बचाने के साथ पहली मंजिल पर जाना पड़ा.

उत्तर प्रदेश के लखनऊ में रविवार तड़के हुई मूसलाधार बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी. करीब 3 बजे शुरू हुई तेज बारिश के बाद जानकीपुरम, भूतनाथ, टेढ़ी पुलिया और इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे समेत कई इलाकों में भारी जलभराव हो गया. कई रिहायशी कॉलोनियों में 2 से 4 फीट तक पानी भरने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं.

बारिश का सबसे ज्यादा असर जानकीपुरम में देखने को मिला. यहां कई घरों के मेन गेट और ग्राउंड फ्लोर पूरी तरह पानी में डूब गए. हालात ऐसे बने कि लोगों को अपना सामान बचाने के साथ पहली मंजिल पर जाना पड़ा. कई इलाकों में बिजली सप्लाई भी ठप हो गई, जिससे पीने के पानी की समस्या खड़ी हो गई है. जलभराव के कारण कई कॉलोनियों का मुख्य मार्गों से संपर्क भी प्रभावित हुआ.

यह भी पढ़ें: 2027 से पहले मायावती के सामने ये बड़ी चुनौती! कैसे साधेंगी सोशल इंजीनियरिंग का फॉर्मूला?

ग्राउंड पर उतरी नगर निगम की टीम

हालात बिगड़ने के बाद नगर निगम की टीमें प्रभावित इलाकों में पहुंचीं. भूतनाथ मार्केट समेत कई जगहों पर अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया. अपर नगर आयुक्त अभिनव रंजन श्रीवास्तव और जोनल अधिकारी विकास सिंह ने ग्राउंड पर पहुंचकर राहत एवं जल निकासी के इंतजामों का जायजा लिया.

प्रशासन के मुताबिक जानकीपुरम जैसे निचले इलाकों में जल निकासी के लिए पंपिंग स्टेशनों को पूरी क्षमता से चलाया जा रहा है. टीमों को जलभराव वाले इलाकों में लगातार निगरानी रखने और पानी निकालने के निर्देश दिए गए हैं.

सीएम योगी ने लिया बारिश से हुए नुकसान का संज्ञान

प्रदेश में बारिश और जलभराव से हुए नुकसान को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी तत्काल संज्ञान लिया है. मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों को दफ्तरों से निकलकर सीधे प्रभावित इलाकों में पहुंचने के निर्देश दिए हैं. सीएम ने जनहानि, पशुहानि और आर्थिक नुकसान का तत्काल सर्वे कराने और प्रभावित परिवारों को 24 घंटे के भीतर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं. साथ ही उन्होंने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है. बिजली चमकने के दौरान खुले में न निकलने और नदियों व जलाशयों से दूर रहने को कहा गया है.

19 अगस्त तक बारिश से राहत के आसार कम

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश में बारिश का सिलसिला अभी जारी रहेगा. 19 अगस्त तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. मुरादाबाद, रामपुर, बहराइच, पीलीभीत, लखीमपुर, सीतापुर और श्रावस्ती में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.

वहीं लखनऊ समेत अयोध्या, गोरखपुर, प्रयागराज, सहारनपुर, बिजनौर, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, फतेहपुर, चित्रकूट, कुशीनगर और अमेठी के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने दिनभर बादल छाए रहने और कई इलाकों में रुक-रुककर तेज बारिश होने का अनुमान जताया है.

यह भी पढ़ें: वाराणसी में युवकों का उत्पात, Maggi के लिए फूंक दी कार

Powered by CM Sarkar Geeta Reporter

संबंधित ख़बरें