BJP राष्ट्रीय टीम में दो मुस्लिम, दोनों यूपी से, मिशन 2027 पर नजर
BJP राष्ट्रीय टीम में दो मुस्लिम, दोनों यूपी से, मिशन 2027 पर नजर कुंवर बासित अली को अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रोफेसर तारिक मंसूर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष By ETV Bharat Uttar Pradesh Team Published : August 17…

सौजन्य से:- ETV Bharat
BJP राष्ट्रीय टीम में दो मुस्लिम, दोनों यूपी से, मिशन 2027 पर नजर
कुंवर बासित अली को अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रोफेसर तारिक मंसूर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष
By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : August 17, 2026 at 6:20 PM IST
लखनऊ/अलीगढ़: भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय टीम में उत्तर प्रदेश से दो मुस्लिम चेहरों को जगह मिली है. पूरी टीम में केवल दो ही मुस्लिम चेहरे हैं और दोनों उत्तर प्रदेश से हैं. बीजेपी को इससे कितना फायदा होगा, यह तो वक्त बताएगा. फिर भी इन चेहरों को बीजेपी पूरे देश के सामने रखेगी. भारतीय जनता पार्टी ने कुंवर बासित अली को अल्पसंख्यक मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया है, जबकि अलीगढ़ विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति और विधान परिषद सदस्य प्रोफेसर तारिक मंसूर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चुना है. प्रों. तारिक मंसूर ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने पर नेतृत्व और पीएम मोदी का आभार जताया है. साथ ही कहा है कि हर चुनाव महत्वपूर्ण है.
वरिष्ठ पत्रकार और राजनीतिक अविनाश मिश्र कहते हैं कि, निश्चित तौर पर यह दो चेहरे चुनाव अभियान के दौरान भारतीय जनता पार्टी के मुस्लिम चेहरे बनेंगे. दोनों के उत्तर प्रदेश के होने की वजह से बीजेपी को मिशन 2027 में इनका फायदा मिल सकता है.
कुंवर बासित अली भारतीय जनता पार्टी के प्रमुख मुस्लिम नेताओं में से एक हैं. वे लंबे समय तक उत्तर प्रदेश भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रहे और सोमवार को भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किए गए.
कुंवर बासित अली के बारे में जानिए
- जन्म: 1 अगस्त 1986, कायस्थ बड्ढा गांव (माछरा मंडल, किठौर विधानसभा क्षेत्र), मेरठ जिला, उत्तर प्रदेश.
- पिता: हाजी अहमद अली (क्षेत्र के नामी पहलवान).
- शिक्षा: शुरुआती शिक्षा स्थानीय स्कूल से; हाईस्कूल और इंटरमीडिएट इलाहाबाद बोर्ड (उत्तर प्रदेश) से; 2005 में होटल मैनेजमेंट से स्नातक.
- व्यवसाय: होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई के दौरान पार्ट-टाइम नौकरी की.बाद में मेरठ में होटल व्यवसाय शुरू कर उसे सफलता दिलाई.
वे मुस्लिम राजपूत समुदाय से हैं और अल्पसंख्यकों (खासकर मुस्लिम समुदाय) को भाजपा से जोड़ने के प्रयासों में सक्रिय रहे हैं.
- राजनीतिक यात्रा 2008: भाजपा से जुड़े. उनका दावा है कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय दर्शन से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हुए. मेरठ में अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष, रहे. मीडिया प्रभारी, क्षेत्रीय संयोजक, पश्चिम क्षेत्र संयोजक बनाए गए. भाजपा सरकार बनने पर उत्तर प्रदेश उर्दू अकादमी के सदस्य नियुक्त हुए. उर्दू भाषा को बढ़ावा देने के लिए स्कूल-कॉलेज में सेमिनार और मुशायरे आयोजित करवाए.
- 20 जून 2021 को उत्तर प्रदेश भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया गया.
प्रमुख गतिविधियां और भूमिका
वे जमीनी स्तर पर सक्रिय हैं और मुस्लिम समुदाय तक पार्टी का संदेश पहुंचाने वाले अभियानों का नेतृत्व करते रहे हैं, जैसे-कौमी चौपाल, मदरसों और दरगाहों में योग सत्र, मोदी मित्र अभियान, अल्पसंख्यकों का पैगाम, मोदी के साथ मुसलमान जैसे सम्मेलन, हर घर तिरंगा यात्राएं, स्नेह संवाद/स्नेह मिलन कार्यक्रम, मदरसा छात्रों का सम्मान आदि.
प्रोफेसर तारिक मंसूर का सफर
प्रोफेसर तारिक मंसूर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है. वे उत्तर प्रदेश से आते हैं और पहले भी यह पद संभाल चुके हैं. प्रो. तारिक मंसूर का जन्म 20 सितंबर 1956 को अलीगढ़ में हुआ. उनके पिता प्रो. हफीजुल रहमान अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) में कानून विभाग के संस्थापक डीन रहे. प्रो. मंसूर ने एएमयू के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज से 1978 में एमबीबीएस और 1982 में सर्जरी में एमएस की डिग्री हासिल की. 2017 से 2023 तक वे एएमयू के कुलपति रहे. इस दौरान उन्होंने कई नए विभाग और केंद्र शुरू किए. अप्रैल 2023 में योगी सरकार ने उन्हें उत्तर प्रदेश विधान परिषद का सदस्य (एमएलसी) मनोनीत किया. वे पद्म अवॉर्ड समिति के सदस्य भी रहे हैं. प्रो. मंसूर शिक्षा, स्वास्थ्य और राष्ट्रीय एकता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उनकी नियुक्ति को भाजपा का अल्पसंख्यक समुदाय से जुड़ने का प्रयास माना जा रहा है.
मंसूर बोले-हर चुनाव महत्वपूर्ण
प्रोफेसर तारिक मंसूर ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी, उसका पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे. राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने पर तारिक मंसूर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी समेत पार्टी नेतृत्व का धन्यवाद किया. कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उसके लिए आभारी हैं. संगठन की ओर से दी जाने वाली जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाना उनका प्रयास रहेगा.
2027 के यूपी चुनाव को लेकर क्या बोले मंसूर
उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर तारिक मंसूर ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर बनाए गए नए ऑफिस बियरर किसी एक प्रदेश के लिए नहीं हैं. इनकी जिम्मेदारी पूरे देश के लिए है. कहा कि प्रत्येक प्रदेश के चुनाव महत्वपूर्ण होते हैं और उत्तर प्रदेश का चुनाव भी महत्वपूर्ण है, लेकिन राष्ट्रीय पदाधिकारियों की जिम्मेदारी केवल किसी एक राज्य तक सीमित नहीं है. कहा कि उत्तर प्रदेश के अलावा उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर में भी चुनाव होने हैं. राष्ट्रीय टीम पूरे देश में संगठन को मजबूत करने और पार्टी के काम को आगे बढ़ाने के लिए बनाई गई है.
नई प्रदेश और राष्ट्रीय टीम मिलकर करेगी काम
प्रो. तारिक मंसूर ने कहा कि प्रदेश स्तर पर भी नई टीम का गठन हुआ है. राष्ट्रीय स्तर पर भी नई टीम बनाई गई है. सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मिल-जुलकर काम करेंगे और संगठन को मजबूत करने का प्रयास करेंगे. कहा कि सामूहिक प्रयास से पार्टी बेहतर तरीके से अपने कार्यों को आगे बढ़ाएगी.
बिना भेदभाव योजनाओं का लाभ मिलने का दावा
भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए तारिक मंसूर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास’ है. केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को बिना भेदभाव लागू किया जा रहा है. धर्म, जाति या प्रदेश के आधार पर किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जा रहा है और सभी समुदायों के लोग सरकारी योजनाओं का लाभ उठा रहे हैं.
वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र का लक्ष्य
कहा कि भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाना सरकार का लक्ष्य है. भारत के विकसित होने के साथ उत्तर प्रदेश भी विकास की दिशा में आगे बढ़ेगा और इसका लाभ समाज के हर वर्ग को मिलेगा. तारिक मंसूर को दूसरी बार राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलना भाजपा संगठन में उनकी भूमिका को लेकर महत्वपूर्ण माना जा रहा है. अलीगढ़ से जुड़े होने के कारण उनकी नई जिम्मेदारी को स्थानीय राजनीतिक हलकों में भी खासा महत्व दिया जा रहा है.
Powered by CM Sarkar Geeta Reporter
संबंधित ख़बरें

UP Weather 17 August: यूपी में भारी बारिश की संभावना, लखनऊ-कानपुर समेत इन जिलों में अलर्ट जारी

उत्तर प्रदेश में सबसे कम साक्षरता दर वाले जिले: जांचें कि इन 5 क्षेत्रों में शिक्षा एक चुनौती क्यों बनी हुई है

बीजेपी की नई टीम में यूपी के लिए मैसेज, 2027 साधने का है फॉर्मूला!


