गोरखपुर में पहलवानों ने दिखाया दम, आकाश बने 'केशरी', सौरभ को 'कुमार' और सूरज को मिला वीर अभिमन्यु खिताब - akash gurjar wins up kesari title at gorakhpur wrestling
गोरखपुर में पहलवानों ने दिखाया दम, आकाश बने 'केशरी', सौरभ को 'कुमार' और सूरज को मिला वीर अभिमन्यु खिताब गोरखपुर में नागपंचमी पर आयोजित राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में आकाश गुर्जर, सौरभ यादव और सूरज यादव ने क्रमशः उत्…

सौजन्य से:- Jagran
गोरखपुर में पहलवानों ने दिखाया दम, आकाश बने 'केशरी', सौरभ को 'कुमार' और सूरज को मिला वीर अभिमन्यु खिताब
गोरखपुर में नागपंचमी पर आयोजित राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में आकाश गुर्जर, सौरभ यादव और सूरज यादव ने क्रमशः उत्तर प्रदेश केसरी, कुमार और वीर अभिमन्यु का खिताब जीता। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विजेताओं को 1.01 लाख रुपये और गदा देकर सम्मानित किया।
HighLights
- आकाश गुर्जर ने जीता उत्तर प्रदेश केसरी का खिताब।
- सौरभ यादव बने उत्तर प्रदेश कुमार, सूरज वीर अभिमन्यु।
- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विजेताओं को किया सम्मानित।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। गोरखनाथ मंदिर परिसर में नागपंचमी के अवसर पर सोमवार को आयोजित राज्य स्तरीय प्राइजमनी पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों में प्रदेशभर के पहलवानों ने अखाड़े में अपना दमखम दिखाया।
तीन अलग-अलग वर्गों के खिताबी मुकाबलों में गौतमबुद्ध नगर के आकाश गुर्जर, वाराणसी के सौरभ यादव और गाजीपुर के सूरज यादव ने शानदार दांव-पेच दिखाते हुए उत्तर प्रदेश केसरी, उत्तर प्रदेश कुमार और उत्तर प्रदेश वीर अभिमन्यु का खिताब अपने नाम किया।
तीनों विजेताओं को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 1.01-1.01 लाख रुपये की पुरस्कार राशि, गदा, पट्टा और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
खेल विभाग उत्तर प्रदेश की ओर से आयोजित दो दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न मंडलों, स्पोर्ट्स कालेजों और छात्रावासों से 370 से अधिक पहलवानों ने प्रतिभाग किया।
फाइनल मुकाबलों के दौरान मंदिर परिसर का अखाड़ा पहलवानों के जोश और दर्शकों की तालियों से गूंजता रहा। 80 किलोग्राम से अधिक भारवर्ग के उत्तर प्रदेश केसरी के फाइनल में गौतमबुद्ध नगर के आकाश गुर्जर ने गाजियाबाद के प्रशांत को पराजित कर खिताब पर कब्जा जमाया।
प्रशांत को उपविजेता के रूप में 51 हजार रुपये और प्रमाण पत्र मिला। पूर्वोत्तर रेलवे के वीरेश कुंडू और मेरठ के अभिषेक खोखर संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे और दोनों को 25-25 हजार रुपये प्रदान किए गए। सेमीफाइनल में आकाश ने मेरठ के अभिषेक खोखर को ओर प्रशांत ने पूर्वोत्तर रेलवे के वीरेश कुंडू को हराकर फाइनल में प्रवेश किया था।
66 से 80 किलोग्राम वर्ग के उत्तर प्रदेश कुमार के फाइनल में वाराणसी के सौरभ यादव ने जौनपुर की ज्ञान कुश्ती एकेडमी के अमित यादव को शिकस्त दी। सौरभ को 1.01 लाख रुपये, गदा, पट्टा और प्रमाण पत्र मिला, जबकि अमित यादव को 51 हजार रुपये देकर उपविजेता सम्मान दिया गया।
गौतमबुद्ध नगर के देवा और उत्तर प्रदेश पुलिस के आयुष संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे। सेमीफाइनल में सौरभ ने देवा और अमित यादव ने आयुष को हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया था।
55 से 65 किलोग्राम वर्ग में उत्तर प्रदेश वीर अभिमन्यु का खिताब गाजीपुर के सूरज यादव ने गोरखपुर के जनार्दन यादव को हराकर जीता। सूरज को 1.01 लाख रुपये, गदा, पट्टा और प्रमाण पत्र, जबकि जनार्दन को 51 हजार रुपये और प्रमाण पत्र दिया गया।
वाराणसी के शिवम और शिवाजीत यादव संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे। सेमीफाइनल में सूरज ने वाराणसी के शिवम और जनार्दन यादव ने शिवाजीत यादव को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।
पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विजेताओं को सम्मानित करते हुए कुश्ती प्रतियोगिता की सराहना की। उन्होंने प्रदेश में खेलों के विकास के लिए सरकार की ओर से संचालित योजनाओं का उल्लेख किया।
साथ ही प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए खेल विभाग और जिला कुश्ती संघ की सराहना की। निर्णायक मंडल में राजकुमार मिश्रा, अनीष यादव, गोरख यादव, देवी प्रसाद, अंकित तिवारी, चंद्रेश पटेल समेत अन्य निर्णायकों ने मुकाबलों का संचालन किया।
Powered by CM Sarkar Geeta Reporter
संबंधित ख़बरें

लखनऊ: पुलिस पर हमला, पथराव और तोड़फोड़... आरोपियों का सामने आया अतीक कनेक्शन?

'कुछ सितारे स्क्रीन पर चमकते हैं, कुछ खाकी पहनते हैं', बिग बी ने शेयर किया यूपी पुलिस का पहला ऑफिशियल एंथम

Recruitment In Uttar Pradesh: Fair Hiring VS Parchi-Kharchi Ka Khel - Harishankar Mishra | Outlook India


