छेड़छाड़ के आरोप में निलंबन के बाद बहाल हुआ यूपी पुलिसकर्मी अब 10 साल की बच्ची की रेप-हत्या के आरोप में गिरफ्तार
नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश पुलिस के एक कांस्टेबल की गुरुवार (30 जुलाई) को गोरखपुर जिला अस्पताल में उस समय डॉक्टरों और अस्पताल कर्मचारियों ने पिटाई कर दी, जब उसे मेडिकल जांच के लिए वहां लाया गया था. बताया जा रहा है कि अस्पता…

सौजन्य से:- The Wire - Hindi
नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश पुलिस के एक कांस्टेबल की गुरुवार (30 जुलाई) को गोरखपुर जिला अस्पताल में उस समय डॉक्टरों और अस्पताल कर्मचारियों ने पिटाई कर दी, जब उसे मेडिकल जांच के लिए वहां लाया गया था.
बताया जा रहा है कि अस्पताल कर्मी इस बात से नाराज़ थे कि कांस्टेबल अभिषेक यादव पर 10 वर्षीय बच्ची के साथ कथित तौर पर रेप का प्रयास करने और उसकी हत्या करने का आरोप है. बच्ची का शव बाद में एक नदी के किनारे बरामद हुआ था.
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, 2018 बैच के कांस्टेबल अभिषेक यादव को गुरुवार को अदालत में पेश किया गया, लेकिन उससे पहले मेडिकल जांच कराने के लिए पुलिस को अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा. आरोप है कि अस्पताल में डॉक्टरों और नर्सों ने उसकी पिटाई कर दी.
बताया गया है कि बुधवार दोपहर बच्ची अस्पताल में एक मरीज से मिलने के बाद अपनी बहन के साथ घर लौट रही थी. इसी दौरान आरोप है कि कांस्टेबल उसे मोटरसाइकिल पर जबरन अपने साथ ले गया. इलाके के सीसीटीवी फुटेज में पुलिस की वर्दी पहने एक व्यक्ति बच्ची का पीछा करता दिखाई दिया. जांच में मोटरसाइकिल अभिषेक यादव की निकली और पुलिस का कहना है कि उसी की निशानदेही पर बच्ची का शव बरामद किया गया.
गोरखपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कौस्तुभ ने मीडिया को बताया कि अभिषेक यादव को पुलिस सेवा से बर्खास्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
एसएसपी ने इंडियन एक्सप्रेस से कहा, ‘इतने जघन्य अपराध में शामिल होने के बाद वह पुलिस बल में रहने का हकदार नहीं है. वह आदतन अपराधी है. पिछले साल जनवरी में एक महिला से कथित छेड़छाड़ के आरोप में उसे जेल भेजा गया था और निलंबित भी किया गया था. बाद में उसे जमानत मिल गई और सितंबर में उसका निलंबन वापस ले लिया गया. इसके बाद वह डायल 112 यूनिट में तैनात था.’
डायल 112 उत्तर प्रदेश की आपातकालीन हेल्पलाइन सेवा है, जिसके जरिए पुलिस, अग्निशमन, एंबुलेंस और अन्य आपात सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं.
एसएसपी ने बताया कि आरोपी तक पहुंचने के लिए जांचकर्ताओं ने 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज की जांच की. यह जानकारी एनडीटीवी ने भी अपनी रिपोर्ट में दी है. एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, कांस्टेबल के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत भी कार्रवाई की जाएगी.
बच्ची के परिवार ने उसके लापता होने की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज कराई थी. इसी शिकायत के बाद जांच शुरू हुई, जिसके परिणामस्वरूप अभिषेक यादव को गिरफ्तार किया गया और अगले दिन सुबह बच्ची का शव बरामद किया गया.
Powered by CM Sarkar Geeta Reporter
संबंधित ख़बरें

यूपी के 20 शहरों में बारिश, अस्पताल में घुसा पानी: प्रयागराज में खुसरोबाग किले की दीवार ढही, डीसीएम पर पेड़ गिरा; 75 जिलों में अलर्ट - Uttar Pradesh News

यूपी विधानसभा में अनुपूरक बजट हुआ पास, सीएम योगी आदित्यनाथ का सपा पर हमला- ‘युवा, किसान और महिला विरोधी’

गोरखपुर में तरंग ओवरब्रिज का अनुरक्षण बना मुसीबत, 20 अगस्त तक बंद रहेगा पुल - gorakhpur tarang overbridge closure extended to aug 20


