होमक्राइमसपा नेता पवन यादव की हत्या मामले में एक्शन; प्रयागराज में आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़, चार गिरफ्तार
क्राइम

सपा नेता पवन यादव की हत्या मामले में एक्शन; प्रयागराज में आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़, चार गिरफ्तार

सपा नेता पवन यादव की हत्या मामले में एक्शन; प्रयागराज में आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़, चार गिरफ्तार पुलिस की ओर से जवाबी कार्रवाई में दो आरोपियों के पैर में लगी गोली. By ETV Bharat Uttar Pradesh Team Published : Septemb…

etvbharat.com के अनुसार16 सितंबर 2026 को 04:04 pm बजे
सपा नेता पवन यादव की हत्या मामले में एक्शन; प्रयागराज में आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़, चार गिरफ्तार

सौजन्य से:- etvbharat.com

सपा नेता पवन यादव की हत्या मामले में एक्शन; प्रयागराज में आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़, चार गिरफ्तार

पुलिस की ओर से जवाबी कार्रवाई में दो आरोपियों के पैर में लगी गोली.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : September 16, 2026 at 7:14 PM IST

|Updated : September 16, 2026 at 8:48 PM IST

प्रयागराज : हंडिया थाना क्षेत्र में समाजवादी पार्टी से जुड़े नेता पवन यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. बुधवार को हत्याकांड के आरोपियों से पुलिस मुठभेड़ हो गई. पुलिस की ओर से जवाबी कार्रवाई में दो आरोपियों के पैर में गोली लगी है. इलाज के लिये दोनों आरोपियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

पुलिस का दावा है कि पुरानी रंजिश के चलते वर्तमान ग्राम प्रधान के पति ने 5 लाख रुपये की सुपारी देकर भाड़े के शूटरों से इस वारदात को अंजाम दिलवाया था. पकड़े गए चारों अभियुक्तों के पास से हत्या में प्रयुक्त बाइक, दो अवैध तमंचे और कारतूस बरामद हुए हैं.

डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने प्रेसवार्ता में बताया कि 15 सितंबर की शाम करीब 5:30 बजे हंडिया क्षेत्र में एक ही बाइक पर सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने पवन कुमार यादव की पीठ में गोली मारकर हत्या कर दी थी. घटना के अनावरण के लिए हंडिया पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीमें लगाई गई थीं.

डीसीपी के अनुसार, घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज तथा मैनुअल इंटेलिजेंस के जरिए पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे. इसके आधार पर बुधवार दोपहर करीब 1:15 बजे पुलिस टीम ने सरायकस्तूरी बाग के पास से मुगरांव निवासी मुख्य साजिशकर्ता विनोद कुमार यादव (40) और बगहा निवासी बृजेश यादव (28) को गिरफ्तार किया.

पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए विनोद की निशानदेही पर पुलिस टीम जब घटना को अंजाम देने वाले दो अन्य शूटरों को पकड़ने औरा पुलिया से जसवा की ओर जाने वाले नहर मार्ग स्थित बाग में पहुंची, तो वहां मौजूद दोनों बदमाश मोटरसाइकिल से भागने का प्रयास करने लगे. पुलिस द्वारा पीछा करने और खुद को घिरता देख बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस बल पर गोलियां चला दीं.

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और वे गिर पड़े. घायल बदमाशों की पहचान मुगरांव निवासी जितेंद्र उर्फ लल्ला यादव (40) और भदोही के ज्ञानपुर स्थित पुरानी बाजार निवासी निहाल अहमद (26) के रूप में हुई. दोनों को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया.

डीसीपी कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि विनोद कुमार यादव और मृतक पवन कुमार यादव एक ही राजनीतिक दल से जुड़े थे, लेकिन दोनों में गहरी रंजिश चल रही थी. विनोद वर्तमान में प्रधानपति है. उसने अपनी पत्नी को गांव में संविदा पर एक पद पर लगवाया था, जिसे पवन ने आपत्ति दर्ज कराकर हटवा दिया था. इसी बात को लेकर विनोद के मन में भारी आक्रोश था.

पुलिस के मुताबिक, वहीं, शातिर अपराधी जितेंद्र उर्फ लल्ला को शक था कि वर्ष 2022 के एक हत्याकांड में पवन की मुखबिरी के कारण ही वह जेल गया था. करीब डेढ़ माह पूर्व विनोद और लल्ला मिले और दोनों ने मिलकर पवन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई. विनोद ने लल्ला को 5 लाख रुपये देने का वादा किया और पेशगी के तौर पर 25 हजार रुपये दिए, जिससे लल्ला ने असलहा और कारतूस खरीदे.

पुलिस के मुताबिक, जितेंद्र उर्फ लल्ला की भदोही की ज्ञानपुर जेल में निरुद्ध रहने के दौरान निहाल अहमद से जान-पहचान हुई थी. लल्ला ने निहाल को 50 हजार रुपये का प्रलोभन देकर वारदात के समय बाइक चलाने के लिए तैयार किया, जबकि गोली लल्ला और बृजेश को चलानी थी. 14 सितंबर को सभी ने मिलकर हत्या की अंतिम योजना बनाई.

पुलिस के मुताबिक, निहाल ने रेकी कर अपने मोबाइल से कई वीडियो व्हाट्सएप के माध्यम से विनोद को भेजे थे. चूंकि लल्ला खुद मोबाइल नहीं रखता था, इसलिए विनोद ने पैसों का लेनदेन निहाल के खाते पर किया था, जिसके डिजिटल स्क्रीनशॉट पुलिस ने निहाल के फोन से बरामद कर लिए हैं.

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, मुठभेड़ में पकड़ा गया जितेंद्र उर्फ लल्ला बेहद शातिर अपराधी है, जिसके विरुद्ध प्रयागराज और कौशाम्बी के विभिन्न थानों में हत्या, लूट, हत्या के प्रयास और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 44 मुकदमे दर्ज हैं. वहीं, निहाल पर वाराणसी व भदोही में 3 तथा बृजेश पर हंडिया थाने में 2 आपराधिक मामले पहले से पंजीकृत हैं.

Powered by CM Sarkar Geeta Reporter

संबंधित ख़बरें