IAS-IPS-IFS अफसर देंगे छात्रों को करियर टिप्स, हर महीने करेंगे संवाद; योगी सरकार की नई पहल
IAS-IPS-IFS अफसर देंगे छात्रों को करियर टिप्स, हर महीने करेंगे संवाद; योगी सरकार की नई पहल यूपी सरकार ने छात्रों के करियर मार्गदर्शन के लिए नई पहल शुरू की है। अब युवा IAS, IPS और IFS अधिकारी हर माह इंटरमीडिएट स्कूलों में…

सौजन्य से:- Hindustan
IAS-IPS-IFS अफसर देंगे छात्रों को करियर टिप्स, हर महीने करेंगे संवाद; योगी सरकार की नई पहल
यूपी सरकार ने छात्रों के करियर मार्गदर्शन के लिए नई पहल शुरू की है। अब युवा IAS, IPS और IFS अधिकारी हर माह इंटरमीडिएट स्कूलों में विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा, रोजगार, उद्यमिता, साइबर सुरक्षा और तनाव प्रबंधन जैसे विषयों पर छात्रों को मार्गदर्शन दिया जाएगा।
यूपी की योगी सरकार ने प्रदेश के युवाओं के सर्वांगीण विकास, उनकी क्षमताओं के बेहतर उपयोग और उच्च शिक्षा, रोजगार एवं उद्यमिता के अवसरों से जोड़ने के लिए नई पहल शुरू की है। इसके तहत भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS) और भारतीय वन सेवा (IFS) के युवा अधिकारी हर माह इंटरमीडिएट स्तर के कम से कम एक विद्यालय का भ्रमण करेंगे। यहां वे विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उन्हें करियर, प्रतियोगी परीक्षाओं और भविष्य की योजनाओं को लेकर मार्गदर्शन देंगे। अपर मुख्य सचिव माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा ने कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन और अनुश्रवण के लिए महानिदेशक, स्कूल शिक्षा को निर्देश दिए हैं। मंडलायुक्तों को भी समय-समय पर कार्यक्रम की समीक्षा करने को कहा गया है। निदेशक माध्यमिक शिक्षा, मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशकों और जिला विद्यालय निरीक्षकों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
हर माह स्कूल पहुंचेंगे युवा अधिकारी
मुख्य सचिव की ओर से सभी जिलाधिकारियों को जारी निर्देश के मुताबिक, प्रत्येक जिले में तैनात युवा IAS, IPS और IFS अधिकारी हर महीने कम से कम एक इंटरमीडिएट विद्यालय का भ्रमण करेंगे। इस दौरान अधिकारी अपने अनुभव, कार्यशैली और जीवन संघर्ष विद्यार्थियों के साथ साझा करेंगे। इसका उद्देश्य छात्रों को प्रेरित करने के साथ उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करना और उनकी आकांक्षाओं को सही दिशा देना है।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की मिलेगी जानकारी
संवाद कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को UPSC, UPPSC, UPSSSC, SSC, NDA, IIT-JEE, NEET और CUET समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में जानकारी दी जाएगी। राज्य स्तरीय पात्रता परीक्षाओं और उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग से जुड़ी परीक्षाओं के बारे में भी मार्गदर्शन दिया जाएगा। इसके अलावा छात्रों को उच्च शिक्षा, तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा, रोजगार, उद्यमिता और स्टार्टअप के अवसरों की जानकारी मिलेगी। केंद्र और राज्य सरकार की युवाओं से संबंधित योजनाओं से भी विद्यार्थियों को परिचित कराया जाएगा।
साइबर सुरक्षा और तनाव प्रबंधन भी एजेंडे में
सरकार ने कार्यक्रम का दायरा केवल पढ़ाई और नौकरी तक सीमित नहीं रखा है। संवाद में वित्तीय कौशल, संचार कौशल, व्यापार प्रबंधन, साइबर सुरक्षा, नशामुक्ति, तनाव प्रबंधन और आत्मविश्वास विकास जैसे विषय भी शामिल किए गए हैं। अधिकारियों के अनुभव से विद्यार्थियों को वास्तविक जीवन की चुनौतियों और अवसरों को समझने में मदद मिलेगी।
हर महीने 5 तारीख तक देनी होगी रिपोर्ट
जिलाधिकारी हर महीने कार्यक्रमों का कैलेंडर तैयार करेंगे और जिले में तैनात सभी युवा अधिकारियों की भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। आयोजित कार्यक्रमों का संक्षिप्त विवरण हर महीने की पांच तारीख तक माध्यमिक शिक्षा विभाग को भेजना होगा। रिपोर्ट में विद्यालय का नाम, भ्रमण की संख्या, संबंधित अधिकारी, संवाद के प्रमुख विषय और विद्यार्थियों के सुझाव शामिल किए जाएंगे। जिलाधिकारी कार्यक्रम की गुणवत्ता की व्यक्तिगत समीक्षा के साथ स्थानीय स्तर पर नवाचार भी कर सकेंगे।
Powered by CM Sarkar Geeta Reporter
संबंधित ख़बरें

लखनऊ: किशोरी से दुष्कर्म और ब्लैकमेल करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार, पारा पुलिस ने भेजा जेल

लखनऊ में 11 साल की बच्ची से रेप के बाद दी धमकी, आरोपी ऑटो चालक गिरफ्तार

परशुराम पीठ से विधानसभा तक: अखिलेश यादव का 'पंडित दांव' और यूपी की सियासत का ऐतिहासिक- कानूनी विश्लेषण


