लखनऊ में बुजुर्ग की हत्या के बाद बवाल, सहारनपुर में महिला की पीट-पीटकर हत्या, कानपुर में संदिग्ध हालात में छात्रा की मौत
लखनऊ में बुजुर्ग की हत्या के बाद बवाल, सहारनपुर में महिला की पीट-पीटकर हत्या, कानपुर में संदिग्ध हालात में छात्रा की मौत सहारनपुर मे बेटे को बचाने आई मां की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या मामले में आठ के खिलाफ केस दर्ज By ETV…

सौजन्य से:- ETV Bharat
लखनऊ में बुजुर्ग की हत्या के बाद बवाल, सहारनपुर में महिला की पीट-पीटकर हत्या, कानपुर में संदिग्ध हालात में छात्रा की मौत
सहारनपुर मे बेटे को बचाने आई मां की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या मामले में आठ के खिलाफ केस दर्ज
By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : September 13, 2026 at 8:24 PM IST
लखनऊ/सहारनपुर/कानपुर : राजधानी के मड़ियांव थाने के ठीक सामने नगर निगम के सेवानिवृत्त सुपरवाइजर मगन बिहारी तिवारी की दिनदहाड़े चाकू मारकर हत्या कर दी गई. इस वारदात के विरोध में रविवार को परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा. अंतिम संस्कार से ठीक पहले नाराज परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन करने की कोशिश की. हालात बिगड़ते देख मौके पर दो थानों की फोर्स और पीएसी तैनात कर दी गई. पुलिस अधिकारियों ने हत्यारोपी की त्वरित गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए और कड़ी सुरक्षा के बीच शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया.
दरअसल, शनिवार दोपहर करीब 1 बजे भरतनगर निवासी मगन बिहारी तिवारी (65) अपने पोते संकल्प के साथ बाइक से बिजली का बिल भरने निकले थे. रास्ते में मड़ियांव थाने के ठीक सामने फ्लाईओवर के नीचे रॉन्ग साइड से आ रहे तिपहिया कबाड़ ठेले को देखकर पोते संकल्प ने टोक दिया. टोकते ही गुस्साए कबाड़ी ने ठेले से चाकू निकालकर संकल्प पर हमला बोल दिया. बाइक से उतरकर बीच-बचाव करने पहुंचे बुजुर्ग मगन बिहारी के पेट और सीने पर कबाड़ी ने लगातार ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे मौके पर ही उनकी जान चली गई. गंभीर रूप से घायल पोते का ट्रॉमा सेंटर में इलाज जारी है.
पुलिस जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हत्यारे की पहचान राजकुमार उर्फ मलाई (40 वर्ष) के रूप में हुई है, जो केशवनगर में मार्कंडेय धर्मशाला के पास रहकर फेरी लगाकर कबाड़ खरीदता है. मड़ियांव थाना इंस्पेक्टर शिवानन्द मिश्रा का कहना है कि परिजनों को शांत कर आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया. वहीं, आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. फरार हत्यारे की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा.
सहारनपुर : बेटे को बचाने आई मां की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या, आठ पर केस दर्ज
सहारनपुर में थाना बड़गांव इलाके के गांव नयागांव में शुक्रवार देर शाम दो पक्षों के बीच शुरू हुई मारपीट उस समय खूनी संघर्ष में बदल गई, जब बेटे को हमलावरों से बचाने पहुंची 48 वर्षीय महिला की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई.
जानकारी के मुताबिक, नयागांव निवासी संदीप और आशा कार्यकर्ता रूमा पक्ष के बीच शुक्रवार देर शाम किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई. आरोप है कि मारपीट करते हुए दोनों पक्ष विनोद उर्फ कल्लू के घर में घुस गए. वहां विनोद के बेटे अंकुर ने दोनों पक्षों के लोगों का विरोध किया. अंकुर के विरोध करने पर हमलावरों ने उस पर हमला कर दिया. बेटे को बचाने के लिए उसकी मां अनिता मौके पर पहुंची. इसी दौरान अनिता के जेठ रमेश और जेठ का बेटा अमरीश भी वहां पहुंच गए.
आरोप है कि हमलावरों ने तीनों को घेर लिया और लाठी-डंडों से जमकर पीटा. हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद परिजन घायलों को बड़गांव के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे. हालत गंभीर होने पर पुलिस उन्हें जिला अस्पताल ले गई. यहां डॉक्टरों ने अनिता को मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने मृतका के जेठ की तहरीर पर एक महिला समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है.
सीओ देवबंद अमित सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट होगी. आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है.
कानपुर : संदिग्ध हालात में छात्रा की मौत
कानपुर में महाराजपुर थाना क्षेत्र स्थित पनौर पुरवा तिलसहरी गांव में रविवार को एक किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घर पर अकेली रहने के दौरान हुई इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल की जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
बताया गया कि घटना से कुछ समय पहले घर का माहौल पूरी तरह सामान्य था. किशोरी ने पिता को अपने हाथों से खाना खिलाया. उसके बाद पिता काम पर चले गए. मां भी गाय को चारा देने बाहर चली गईं और छोटा भाई खेलने निकल गया, जिसके बाद 13 वर्षीय किशोरी घर में अकेली रह गई. उसके बाद किशोरी मृत पाई गई.
इस मामले में थाना प्रभारी जनार्दन सिंह ने बताया कि पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की है और फॉरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं. मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा, जिसके आधार पर परिजनों की तहरीर के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें- अस्पताल में हैवानियत! बेहोश मरीज को नर्स ने मारा थप्पड़, मुंह से निकला खून, FIR दर्ज, दो डॉक्टर सस्पेंड
Powered by CM Sarkar Geeta Reporter
संबंधित ख़बरें

UP में पलटी मारेगा मौसम! लखनऊ समेत इन 20 जिलों में बारिश का अलर्ट

Varanasi News: शिवपुर में बस की टक्कर से ठेकेदार की मौत

कानपुर में दवा कारोबारी हत्याकांड में बेटा गिरफ्तार, नौकर का दावा- शालू ने नहीं सुब्रत ने करवाई पिता की हत्या - kanpur vineet minocha murder case son subrat arrested confronted with shalu during probe


