बीजेपी को बागी तेवर दिखाने वाले संजय निषाद के घर पहुंचे यूपी प्रभारी विनोद तावड़े, घंटे भर चाय पर चली चर्चा
संजय निषाद और राधा मोहनदास ने विनोद तावड़े संग हुई मुलाकात की तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी शेयर की हैं। हाल ही में संजय निषाद यूपी विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय से मुलाकात करने पहुंचे थे। उन्हो…

सौजन्य से:- Navbharat Times
संजय निषाद और राधा मोहनदास ने विनोद तावड़े संग हुई मुलाकात की तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी शेयर की हैं। हाल ही में संजय निषाद यूपी विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय से मुलाकात करने पहुंचे थे। उन्होंने कहा था कि सपा ने दरवाजा बंद किया था तो हम भाजपा के साथ गए थे। अगर भाजपा दरवाजा बंद करेगी तो फिर विचार करेंगे। इसके अलावा गोंडा में कारोबारी विनोद साहनी की हत्या के बाद संजय निषाद ने अपनी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया था। उन्होंने कहा था कि मैं मंत्री बाद में हूं। समाज पहले है। अगर सरकार में मंत्री की बात नहीं सुनी जा रही है तो आम कार्यकर्ता की सुनवाई कैसे होगी।
संजय निषाद ने लिखा- तावड़े जी का आभार
हालांकि, विनोद तावड़े से मुलाकात के बाद संजय निषाद संतुष्ट नजर आए। तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कर उन्होंने लिखा है- आज निषाद भवन में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं वरिष्ठ नेता आदरणीय विनोद तावड़े जी का गरिमामयी आगमन हुआ। इस अवसर पर परिवार के सदस्यों एवं उपस्थित जनों द्वारा उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। आदरणीय तावड़े जी का निषाद भवन पधारना हम सभी के लिए अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय रहा। उनका स्नेह, मार्गदर्शन एवं आत्मीयता सदैव प्रेरणादायी है। निषाद भवन में पधारकर अपना अमूल्य समय प्रदान करने के लिए आदरणीय तावड़े जी का हृदय से आभार एवं धन्यवाद।
बीजेपी में सबकुछ ठीक नहीं: वरिष्ठ पत्रकार
वरिष्ठ पत्रकार मुकेश पांडेय का मानना है कि इन नेताओं से अकेले में की गई मुलाकात इस बात का संकेत है कि सब कुछ पूरी तरह ठीक नहीं है। समीक्षा बैठकों के दौर के बीच कभी महानगर पदाधिकारी की लिस्ट को लेकर असंतुष्टि तो कभी जिले के पदाधिकारियों की लिस्ट में फेरबदल, यह सब कुछ इस बात को साबित करता है कि गोरखपुर भाजपा इकाई में थोड़ी बहुत उठापटक निश्चित रूप से चल रही है। कई लोग संतुष्ट हैं तो कुछ असंतुष्ट भी।
सिक्सलेन उद्घाटन में राधा मोहनदास को नहीं मिला था निमंत्रण
इसी उठापटक के बीच बीते दिनों सिक्सलेन फ्लाईओवर का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा किया जाता है। इसके लिए कई लोगों को निमंत्रण और पोस्टर-बैनर में उनकी फोटो छपी होती है तो वहीं दूसरी तरफ गोरखपुर सदर सीट से 4 बार के विधायक और वर्तमान में राज्यसभा सांसद राधा मोहनदास अग्रवाल जिनकी राजनीतिक नीव गोरखनाथ मंदिर से जुड़ी हुई है, उन्हें नजरअंदाज किया जाता है। इसकी नाराजगी वह सोशल मीडिया के माध्यम से प्रकट भी करते हैं।
राधा मोहनदास ने विनोद तावड़े को दिया रात्रिभोज
वरिष्ठ पत्रकार के मुताबिक, यह सब चल ही रहा होता है तभी उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े के गोरखपुर आने की सूचना मिलती है। राधा मोहन दास अग्रवाल का दर्द एक बार फिर उभर कर सामने आता है। सोशल मीडिया के माध्यम से जिक्र करते हुए सूची में खुद की जगह ना बना पाने को लेकर असंतुष्ट दिखाई देते हैं। इसके बाद विनोद तावड़े राधा मोहन दास के घर जाते हैं। उनसे अकेले में मुलाकात करते हैं। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच लंबी बातचीत हुई। साथ ही रात्रिभोज भी। मुलाकात की तस्वीर डॉ. अग्रवाल ने अपने फेसबुक पेज पर भी साझा की है।
राधा मोहनदास ने शेयर कीं मुलाकात की तस्वीरें
मुलाकात के दौरान क्या चर्चा हुई, इसका आधिकारिक विवरण सामने नहीं आया है। लेकिन शुक्रवार को डॉक्टर राधा मोहन दास अग्रवाल ने अपने फेसबुक पेज पर लिखा- माननीय राष्ट्रीय महासचिव के साथ कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर बातचीत हुई इस दौरान उत्तर प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों, संगठनात्मक ताकत और कमियों, टिकट वितरण के तौर तरीकों तथा चुनावी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।
जो कुछ भी होगा बड़ा होगा: राजनीतिक विश्लेषक
राजनीतिक विश्लेषक राजदीप इसे एक बड़े और महत्वपूर्ण बदलाव के संकेत के रूप में भी देख रहे हैं। उनका कहना है कि आने वाले वक्त में क्या होगा यह तो समय बताएगा, लेकिन जो कुछ भी होगा वह बड़ा होगा।
मंदिर प्रमुख और राधा मोहन के बीच सही नहीं चल रहा: वरिष्ठ पत्रकार
वरिष्ठ पत्रकार मुकेश पांडेय कहते हैं कि इसके कई सियासी मायने हो सकते हैं। पिछले कुछ सालों से मंदिर प्रमुख और राधा मोहन दास अग्रवाल के बीच बहुत कुछ ठीक नहीं चल रहा। हालांकि वे एक-दूसरे के खिलाफ कुछ कहते तो नहीं, लेकिन बीते कुछ समय से मुख्यमंत्री के गोरखपुर आगमन पर मंच पर राधा मोहनदास की अनुपस्थिति बहुत कुछ बयां करती है। कई बार इसकी टीस राधा मोहनदास के मन में रहती है, जिसका जिक्र वह सोशल मीडिया के माध्यम से करते रहते हैं।
Powered by CM Sarkar Geeta Reporter
संबंधित ख़बरें

UP में पलटी मारेगा मौसम! लखनऊ समेत इन 20 जिलों में बारिश का अलर्ट

Varanasi News: शिवपुर में बस की टक्कर से ठेकेदार की मौत

कानपुर में दवा कारोबारी हत्याकांड में बेटा गिरफ्तार, नौकर का दावा- शालू ने नहीं सुब्रत ने करवाई पिता की हत्या - kanpur vineet minocha murder case son subrat arrested confronted with shalu during probe


