यूपी में आफत की बारिश, जगह-जगह पेड़ गिरे, बहराइच में महिला की मौत; 59 जिलों में अलर्ट
यूपी में आफत की बारिश, जगह-जगह पेड़ गिरे, बहराइच में महिला की मौत; 59 जिलों में अलर्ट UP Weather: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है। जन जीवन अस्तव्यस्त हो गया है। कई जगहों से हादसे की…

सौजन्य से:- Hindustan
यूपी में आफत की बारिश, जगह-जगह पेड़ गिरे, बहराइच में महिला की मौत; 59 जिलों में अलर्ट
UP Weather: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है। जन जीवन अस्तव्यस्त हो गया है। कई जगहों से हादसे की भी खबर है। मौसम विभाग ने 27 सितंबर के लिए भी अलर्ट जारी किया है। शनिवार को राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में शनिवार को 12वीं तक के स्कूल बंद हैं।
UP Weather Update: राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के अधिकतर जिलों में गुरुवार से लगातार हो रही बारिश शनिवार को भी जारी है। लगातार बारिश से प्रदेश के अलग-अलग जिलों में जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। बारिश में दीवार गिरने की वजह से एक महिला की मौत हो गई। जबकि श्रावस्ती में दीवार गिरने से एक युवक घायल हो गया है। वहीं बलरामपुर, अमेठी, अयोध्या, सीतापुर, सुल्तानपुर सहित कई जिलों में जगह-जगह पेड़ गिर गए हैं। बारिश और पेड़ गिरने की वजह से अलग-अलग जिलों में बिजली व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित हुई है। सीतापुर में सुबह से प्रशासन की ओर से लाउडस्पीकर पर लोगों से बहुत जरूरी काम होने पर ही घर से निकलने की अपील की जा रही है।
राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में शनिवार को 12वीं तक के स्कूल बंद हैं। प्रदेश के कई शहरों में तापमान 9 से 10 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान 59 जिलों में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने 5 जिलों- सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच और आस पास के क्षेत्रों के लिए अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, 27 सितंबर तक मौसम प्रभावित रहने की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 26 सितंबर को भी बहुत भारी बारिश तथा 27 सितंबर को भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी है।
भारी बारिश के चलते बहराइच के कैसरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम देवलखा में एक दर्दनाक हादसा हो गया। फूस के कच्चे मकान की दीवार भरभराकर गिर गई, जिसमें दबकर 52 वर्षीय महिला ननकई पत्नी कुंतलाल की मौत हो गई। वहीं, श्रावस्ती के थाना मल्हीपुर क्षेत्र के मल्हीपुर खुर्द गांव में भी दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया। बारिश के चलते कच्चे मकान की कमजोर हुई दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय करीब 20 साल के महमूद रजा मकान के अंदर सो रहे थे। दीवार उनके ऊपर गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
सुल्तानपुर में बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है। लगातार बारिश के साथ चल रही तेज हवा ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। जगह-जगह पेड़ गिरने की स्थिति बन रही है, वहीं बिजली व्यवस्था भी चरमरा गई है। लगातार बारिश और तेज हवा से खेतों में पककर तैयार धान और गन्ने की फसलें गिर गई हैं। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। सीतापुर में रेड अलर्ट घोषित होने का हवाला देते हुए लोगों से अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की जा रही है। अमेठी में तीन दिन से लगातार बारिश और तेज हवा ने जिले में जनजीवन प्रभावित कर दिया है। जगह-जगह कच्चे मकान गिरने से लोगों के सामने रहने की मुश्किल खड़ी हुई है। पेड़ गिरने से रास्ते बाधित हुए और बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही। धान और सब्जी की फसल को नुकसान पहुंचने से किसानों की चिंता बढ़ गई।
वहीं अयोध्या में दो दिन से लगातार हो रही बारिश के चलते शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र तक की बिजली आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। शहर में पेड़ की डालें और पेड़ गिरने से लगभग आधा दर्जन से अधिक ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए। शहर के 33 और 11 केवीए की लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। वहीं अम्बेडकरनगर में तेज हवा के साथ लगातार हो रही बारिश ने शनिवार को जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। जलालपुर तहसील क्षेत्र में कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से हादसे होते-होते बचे। कई मार्गों पर आवागमन बाधित हो गया। कर्बला में स्कूल बस पर भारी-भरकम चिलबिल का पेड़ गिरने से बस क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि घटना के समय बस में कोई सवार नहीं था। वहीं बिजली सप्लाई बाधित होने से कई इलाकों में शुक्रवार रात से ही बत्ती गुल है। बलरामपुर में लगातार हो रही अत्यधिक बारिश और तेज हवाओं के बीच जिलाधिकारी डॉ.विपिन कुमार जैन और पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह ने शनिवार को तीनों तहसील क्षेत्रों में घूमकर स्थिति का जायजा लिया।
सीएम योगी ने फील्ड में दौड़ाए अफसर
प्रदेश में भारी बारिश और आंधी-वज्रपात की चेतावनी को देखते हुए सरकार पूरी तरह अलर्ट है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी डीएम को क्षेत्र में जाने के निर्देश दिए हैं। रेड अलर्ट और आकस्मिक बाढ़ की आशंका वाले जिलों में स्कूल बंद रखने को कहा है। आकाशीय बिजली और अतिवृष्टि से हुई क्षति का आकलन कर 24 घंटे में सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाएं अधिकारी
सीएम योगी आदित्यनाथ ने जीर्ण-शीर्ण मकानों और झोपड़ियों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को जरूरत के अनुसार निकटतम राहत शरणालय में पहुंचाया जाए, ताकि भारी बारिश या आकस्मिक बाढ़ की स्थिति में उनके जीवन को खतरा न हो। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हर परिस्थिति में पूरी प्रतिबद्धता के साथ प्रदेश वासियों के साथ खड़ी है। इसके अतिरिक्त अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जनमानस की सुरक्षा के लिए स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार प्रभावी कदम उठाएं और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी की जाए। वहीं इससे पहले राहत आयुक्त डॉ.हृषिकेश भास्कर यशोद ने रेड व ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों के जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर मौसम की स्थिति और तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहने, स्थानीय परिस्थितियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए।
लखनऊ में सभी स्कूल-कॉलेज आज बंद
खराब मौसम और भारी बारिश के चलते डीएम विशाख जी ने शनिवार को बेसिक, माध्यमिक, उच्च शिक्षा सहित सभी शिक्षण संस्थानों में शिक्षण कार्य बंद रखने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा है कि सभी उच्च शिक्षण संस्थान, तकनीकी महाविद्यालय, प्रोफेशनल कालेज, राजकीय पालीटेक्निक एवं राजकीय आईटीआई में शिक्षण कार्य स्थगित रहेगा। विद्यालय प्रबंधकों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
27 सितंबर को भारी बारिश संभव
भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में 27 सितंबर तक मौसम प्रभावित रहने की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 26 सितंबर को भी बहुत भारी बारिश तथा 27 सितंबर को भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी है।
Powered by CM Sarkar Geeta Reporter
संबंधित ख़बरें

कौन हैं अर्चना सिंह और अमित तेवतिया? यूपी पुलिस के रियल हीरो, राइफल से शीशा तोड़ मौत के मुंह से निकालीं 5 जान

वाराणसी आ रहा 'बाहुबली ट्रक', हटिए! रास्ता दीजिये...: बेल्जियम से लखीमपुर खीरी का सफर कर रहा तय, लदा है 180 टन वजनी शुगर मिल वेसल - Varanasi News

बेल्जियम से यूपी पहुंचा 308 पहियों वाला 'बाहुबली' ट्रक, निकालने के लिए क्रेन से ब्रिज को पड़ा उठाना!


