19 सितंबर से यूपी में सरकारी नौकरियां शुरू होंगी: पुलिस-होमगार्ड में 77 हजार भर्ती; पेंशन राशि और लाभार्थियों की संख्या भी बढ़ेगी
- Hindi News - Up khaas - UP Police & Homeguard Recruitment | CM Yogi Adityanath Job Pension Update 19 सितंबर से यूपी में सरकारी नौकरियां शुरू होंगी:पुलिस-होमगार्ड में 77 हजार भर्ती; पेंशन राशि और लाभार्थियों की संख्या भ…

सौजन्य से:- bhaskar.com
- Hindi News
- Up khaas
- UP Police & Homeguard Recruitment | CM Yogi Adityanath Job Pension Update
19 सितंबर से यूपी में सरकारी नौकरियां शुरू होंगी:पुलिस-होमगार्ड में 77 हजार भर्ती; पेंशन राशि और लाभार्थियों की संख्या भी बढ़ेगी
- कॉपी लिंक
उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि अगले छह महीने में प्रदेश में एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी। इसकी शुरुआत 19 सितंबर से होगी। इनमें 77 हजार भर्तियां अकेले पुलिस और होमगार्ड विभाग में की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने वृद्धजन, निराश्रित महिलाओं और दिव्यांगजनों की पेंशन को लेकर भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि अभी करीब 1 करोड़ 10 लाख लोगों को सालाना 12 हजार रुपए पेंशन दी जा रही है। जल्द ही पेंशन की राशि के साथ लाभार्थियों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।
गोरखपुर में ₹40 करोड़ की 119 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास
सीएम योगी बुधवार को गोरखपुर के जंगल नकहा नंबर-2 में नवनिर्मित कल्याण मंडपम का लोकार्पण करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने गोरखपुर विकास प्राधिकरण, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग और नगर निगम की करीब ₹40 करोड़ की 119 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी गांव या शहर में नागरिकों के जीवन स्तर का पता वहां के विकास और जनोपयोगी सुविधाओं से चलता है। इसके लिए कानून का राज और सुरक्षा का बेहतर वातावरण जरूरी है।
‘यूपी में माफिया या तो जेल में, या दूसरे लोक में’
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के बाद गोरखपुर और उत्तर प्रदेश में कानून का राज सुनिश्चित किया गया है। उनके मुताबिक प्रदेश में माफिया या तो जेल में हैं या दूसरे लोक की यात्रा पर जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि आज हर व्यक्ति के लिए सुरक्षा और पर्व-त्योहारों के लिए बेहतर वातावरण की गारंटी है। मुख्यमंत्री ने विकास के लिए समाज की एकजुटता को जरूरी बताते हुए जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर समाज को बांटने वालों से सावधान रहने की अपील की।
यूपी अब बीमारू राज्य नहीं, अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन: योगी
सीएम योगी ने कहा कि मजबूत कानून व्यवस्था के चलते उत्तर प्रदेश में विकास का सकारात्मक माहौल बना है। उनके मुताबिक यूपी अब बीमारू राज्य नहीं रहा, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन रहा है। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले खराब कानून व्यवस्था, लूट-खसोट और अराजकता के कारण बाहरी लोग यहां काम करने से बचते थे। आज उत्तर प्रदेश मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर, नए कारखानों और बेहतर कनेक्टिविटी के लिए जाना जा रहा है।
गीडा में 500 कारखाने, 50 हजार युवाओं को रोजगार का दावा
मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि 2017 के बाद इंसेफेलाइटिस, मच्छर और माफिया की समस्या पर काम किया गया। उन्होंने दावा किया कि 40 साल पुरानी इंसेफेलाइटिस की समस्या को दो साल में खत्म किया गया। उन्होंने कहा कि गोरखपुर के गीडा में करीब 500 कारखाने लगे हैं। इससे अकेले गीडा क्षेत्र में करीब 50 हजार युवाओं को रोजगार मिला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे क्षेत्र को पलायन से भी मुक्ति मिली है। उन्होंने खाद कारखाने के दोबारा शुरू होने, फोरलेन कनेक्टिविटी, फ्लाईओवर-ओवरब्रिज, रामगढ़ताल के पर्यटन विकास, बीआरडी मेडिकल कॉलेज में सुविधाओं और एम्स का भी उल्लेख किया।
अब तक साढ़े 9 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का दावा
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में युवाओं को नौकरी की गारंटी मिली है। उनकी सरकार अब तक साढ़े 9 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दे चुकी है। अब अगले छह महीने में एक लाख और युवाओं को सरकारी नौकरी देने की प्रक्रिया शुरू होगी। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले सरकारी भर्ती निकलने पर ‘सैफई सिंडिकेट’ वसूली करने निकल पड़ता था। इससे युवाओं का भविष्य प्रभावित होता था। मौजूदा सरकार में भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है।
7 अक्टूबर से विशेष शिविर, छूटे पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ेंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। आवास, शौचालय, राशन, रसोई गैस, बेटियों की पढ़ाई और विवाह से जुड़ी योजनाओं का लाभ लोगों को दिया गया है। जो पात्र लोग किसी कारण से योजनाओं से वंचित रह गए हैं, उन्हें भी जोड़ने के लिए 7 अक्टूबर से एक सप्ताह का विशेष शिविर लगाया जाएगा। मुख्यमंत्री के मुताबिक यह शिविर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित होगा।
₹3.09 करोड़ में बना कल्याण मंडपम, 300 लोगों की क्षमता
जंगल नकहा नंबर-2 में 2,461 वर्गमीटर जमीन पर ₹3.09 करोड़ की लागत से कल्याण मंडपम बनाया गया है। दो मंजिला भवन में 300 लोगों की क्षमता वाले आयोजन हो सकेंगे। मंडपम में हॉल, किचन, स्टोर, ऑफिस, चेंज रूम और महिला-पुरुषों के लिए अलग-अलग टॉयलेट बनाए गए हैं। परिसर में फव्वारा, लॉन और पर्याप्त पार्किंग की सुविधा भी है। यहां लोगों को मांगलिक और सार्वजनिक कार्यक्रम रियायती दर पर आयोजित करने की सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच फीता काटकर मंडपम का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने परिसर का निरीक्षण किया और मौलश्री का पौधा लगाया।
नगर निगम के 115 विकास कार्यों का शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने नगर निगम के ₹28.91 करोड़ की लागत वाले 115 विकास कार्यों का शिलान्यास किया। ये कार्य अलग-अलग कॉलोनियों में मूलभूत सुविधाओं से जुड़े हैं। इसके अलावा ₹11.04 करोड़ से अधिक लागत वाले चार कार्यों का लोकार्पण किया गया। इनमें कल्याण मंडपम के अलावा ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की ओर से कराए गए सड़क और नाली निर्माण के तीन कार्य शामिल हैं। कार्यक्रम में महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, एमएलसी एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक, पार्षद और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
Powered by CM Sarkar Geeta Reporter
संबंधित ख़बरें

UP में पलटी मारेगा मौसम! लखनऊ समेत इन 20 जिलों में बारिश का अलर्ट

Varanasi News: शिवपुर में बस की टक्कर से ठेकेदार की मौत

कानपुर में दवा कारोबारी हत्याकांड में बेटा गिरफ्तार, नौकर का दावा- शालू ने नहीं सुब्रत ने करवाई पिता की हत्या - kanpur vineet minocha murder case son subrat arrested confronted with shalu during probe


