प्रयागराज एयरफोर्स स्टेशन के पास पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट: 11 की मौत, इनमें 3 परिवारों के 8 बच्चे; DM ने गोदाम पर बुलडोजर चलवाया - Kaushambi News
- Hindi News - Local - Uttar pradesh - Kaushambi - UP Pataka Factory Blast LIVE Video | Kaushambi Firecracker Factory Explosion Rescue Photos Update प्रयागराज एयरफोर्स स्टेशन के पास पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट:11 की मौत,…

सौजन्य से:- Dainik Bhaskar
- Hindi News
- Local
- Uttar pradesh
- Kaushambi
- UP Pataka Factory Blast LIVE Video | Kaushambi Firecracker Factory Explosion Rescue Photos Update
प्रयागराज एयरफोर्स स्टेशन के पास पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट:11 की मौत, इनमें 3 परिवारों के 8 बच्चे; DM ने गोदाम पर बुलडोजर चलवाया
- कॉपी लिंक
यूपी में सोमवार को प्रयागराज और कौशांबी बॉर्डर पर एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हो गया। इस हादसे में फैक्ट्री के आसपास के घरों में रहने वाले 8 बच्चों समेत 11 लोगों की मौत हो गई। रेलवे कर्मी का पूरा परिवार खत्म हो गया है। घर सिर्फ एक बेटी जिंदा बची।
पुलिस के मुताबिक, विस्फोट इतना भीषण था कि पूरी फैक्ट्री जमींदोज हो गई। 100 मीटर के दायरे में बने 8 मकान क्षतिग्रस्त हो गए। दीवारों में 8 फीट लंबे और चौड़े छेद हो गए। 5-6 मकान पूरी तरह ढह गए।
धमाके से करीब 500 मीटर दूर प्रयागराज-कानपुर रेल मार्ग पर OHE (ओवरहेड इलेक्ट्रिक) लाइन प्रभावित हो गई। इसके चलते कानपुर से प्रयागराज की ओर आने वाली ट्रेनों का संचालन करीब डेढ़ घंटे प्रभावित रहा। इंजीनियर्स ने मरम्मत कर लाइन को दोबारा चालू किया।
धमाके की आवाज 2 किमी दूर तक सुनाई दी। कुछ ही देर में धुएं का गुबार चारों तरफ छा गया। ग्रामीण झुलसे लोगों को चारपाई पर ले जाते दिखे।
हादसा दोपहर साढ़े 11 बजे कौशांबी जिले के मोहम्मदपुर गांव में हुआ। यह गांव प्रयागराज बॉर्डर पर है। यहां से मनौरी स्थित एयरफोर्स स्टेशन 2 किमी है। पुलिस, एयरफोर्स, NDRF और SDRF के 200 जवान रेस्क्यू में जुटे रहे। 10 बुलडोजरों से मलबा हटाया गया।
हादसे के वक्त फैक्ट्री में कोई था या नहीं, पता नहीं चल पाया है। एक महिला रानी ने बताया- जिस मकान में धमाका हुआ, उसके ऊपर से बिजली के तार गुजरे हैं। उनमें चिंगारी निकली, इसके बाद फैक्ट्री में रखे बारूद में तेज धमाका हुआ।
5 घायलों को प्रयागराज के स्वरूप रानी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। एक बच्ची पीहू का इलाज प्राइवेट अस्पताल में चल रहा है।
एक मंजिला अवैध फैक्ट्री 600 वर्गफीट में बनी थी। पुलिस के मुताबिक, फैक्ट्री के बगल में नई बस्ती बस रही थीं। फैक्ट्री मालिक आदिल, पिता नौशाद, चाचा शकील और परिवार की तीन महिलाओं पर केस दर्ज किया है। एक महिला को गिरफ्तार किया गया है।
डीएम अमित पाल शर्मा ने कहा, दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। संपत्ति भी कुर्क की जाएगी। हादसे के 8 घंटे बाद रात करीब साढ़े 7 बजे फैक्ट्री से 400 मीटर दूर बनाए गए गोदाम को बुलडोजर से ढहा दिया गया। प्रभारी मंत्री कृष्णा पासवान भी मौके पर पहुंची थीं।
हादसे की तस्वीरें देखिए-
रेल कर्मी के परिवार में सिर्फ बड़ी बेटी जिंदा बची
मृतकों में मंजीत कुमार के दो बच्चे प्रियांजलि और प्रवीन सिंह शामिल हैं। वहीं, गया प्रसाद के 4 बच्चे जाह्नवी, आदित्य, अमित और रवि की भी मौत हुई है। गया प्रसाद की पत्नी अनीता (42) घायल हैं। उन्होंने मामले में फैक्ट्री मालिक के खिलाफ FIR लिखाई है। कहा- हादसे में मेरा पूरा कुनबा समाप्त हो गया।
इसी तरह, रेलकर्मी विक्रम खाना खाने घर आए थे। घटना में विक्रम, पत्नी अंजू, बेटा अंश व शिवांश की जान चली गई। सबसे बड़ी बेटी संजना किराना की दुकान में कुछ सामान लेने गई थी। इसलिए वह बच गई।
मंत्री कृष्णा पासवान बोलीं- फैक्ट्री का लाइसेंस नहीं था
प्रभारी मंत्री कृष्णा पासवान ने कहा, पटाखा फैक्ट्री 2 साल से चल रही थी। लाइसेंस भी रद्द हो चुका था। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। किसी तरह का समझौता नहीं होगा।
शुरुआती जांच में लापरवाही के आरोप में थाना प्रभारी पिपरी विकास सिंह, चौकी प्रभारी चायल अमित द्विवेदी और पूर्व चौकी प्रभारी चायल मनीष पाल को लाइन हाजिर किया गया है। वहीं दो बीट सिपाही जितेंद्र कुमार और कृष्ण कुमार को निलंबित कर दिया गया है।
डिप्टी सीएम केशव बोले- एक ही परिवार के कई लोगों की मौत दुखद
केशव मौर्य ने प्रयागराज के SRN अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि एक ही परिवार के कई लोगों की मौत बेहद दुखद और हृदयविदारक है।
सरकार की पहली प्राथमिकता घायलों की जान बचाना है। उनके इलाज में किसी तरह की कमी नहीं होने दी जाएगी। मामले में DM और SSP को जांच के निर्देश दिए गए हैं। जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पीएम मोदी और सीएम योगी ने घटना पर दुख जताया। प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख और घायलों को 50 हजार रुपए देने का ऐलान किया है। सीएम योगी ने भी कहा कि घायलों को 50-50 हजार और मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख दिए जाएंगे।
ग्राफिक्स से समझिए कहां हुआ विस्फोट…
पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट से जुड़े अपडेट्स के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…
अपडेट्स
- कॉपी लिंक
- कॉपी लिंक
कौशांबी के पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में 6 आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी शकील की पत्नी शबाना और बेटी साइना को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
लापरवाही के आरोप में थाना प्रभारी पिपरी विकास सिंह, चौकी प्रभारी चायल अमित द्विवेदी और पूर्व चौकी प्रभारी चायल मनीष पाल को लाइन हाजिर किया गया है। वहीं दो बीट सिपाही जितेंद्र कुमार और कृष्ण कुमार को निलंबित कर दिया गया है।
- कॉपी लिंक
कौशांबी के महमदपुर गांव में पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट का असर करीब 500 मीटर दूर प्रयागराज-कानपुर रेल मार्ग तक पहुंचा। धमाके से रेलवे की OHE (ओवरहेड इलेक्ट्रिक) लाइन प्रभावित हो गई।
इसके चलते कानपुर से प्रयागराज की ओर आने वाली ट्रेनों का संचालन करीब डेढ़ घंटे प्रभावित रहा। सूचना पर रेलवे की इंजीनियरिंग और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और मरम्मत के बाद OHE लाइन को दोबारा चालू किया गया। इसके बाद रेल यातायात सामान्य हो सका।
हालांकि प्रयागराज से कानपुर जाने वाली ट्रेनों के संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा।
- कॉपी लिंक
मीरपुर गांव निवासी गया प्रसाद साहू ने फैक्ट्री मालिक के खिलाफ केस दर्ज कराया है। उनके मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब 11 बजे पड़ोस के घर में जोरदार धमाका हुआ। वहां अवैध रूप से पटाखों का निर्माण और भंडारण किया जा रहा था।
विस्फोट में आसपास के 5-6 मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गए। हादसे में मेरे बच्चे जाह्नवी, आदित्य, रवि और अमित की मौत हो गई, जबकि पत्नी अनीता साहू गंभीर रूप से घायल हुई। इसके अलावा विक्रम सरोज और उसकी पत्नी अंजू के घर में भी जनहानि हुई।
हादसे के लिए नौशाद, शकील, शबाना, साइना, कहकशा, आदिल और उनके अन्य पारिवारिक सदस्य जिम्मेदार हैं। इन पर कार्रवाई की जाए।
- कॉपी लिंक
PM मोदी ने कौशांबी के अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट में हुई जनहानि पर शोक जताया है। उन्होंने PM राहत कोष से मृतकों को दो-दो लाख और घायलों को पचास हज़ार रुपये राहत राशि देने का ऐलान किया।
- कॉपी लिंक
कौशांबी प्रशासन ने फैक्ट्री मालिक आदिल के गोदाम पर JCB चलाकर पटाखों और अन्य सामग्री को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी।
गोदाम में रखे पटाखों को जब्त कर नष्ट करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। मौके पर डीएम-एसपी के अलावा पुलिस और प्रशासन की टीम मौजूद है।
- कॉपी लिंक
कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट के बाद प्रभारी मंत्री कृष्णा पासवान ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रभारी मंत्री कृष्णा पासवान ने कौशांबी पटाखा फैक्ट्री हादसे को बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि मृतकों के परिजनों को ₹2-2 लाख और घायलों को ₹50-50 हजार की सहायता दी जा रही है। मकान और कारोबार के नुकसान का भी आकलन कर नियमानुसार भरपाई की जाएगी।
मंत्री ने कहा कि फैक्ट्री का लाइसेंस निरस्त होने के बावजूद कारोबार चल रहा था या नहीं, इसकी जांच होगी। जांच में जो भी दोषी मिलेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में कोई समझौता नहीं होगा।
- कॉपी लिंक
कौशांबी पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में संचालक समेत 6 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है। नामजद आरोपियों में संचालक के पिता नौशाद, चाचा शकील, मां, चाची और एक अन्य महिला शामिल हैं। मामले की जांच जारी है।
सीएम योगी ने मुआवजे का ऐलान किया। उन्होंने कहा, मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख और घायलों को 50-50 हजार दिए जाएंगे।
- कॉपी लिंक
घटना के बाद लोगों में आक्रोश है। गुस्साए लोगों ने पटाखा फैक्ट्री संचालक आदिल की कस्बे में स्थित दुकान में तोड़फोड़ कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।
- कॉपी लिंक
पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। कौशांबी जिलाधिकारी अमित पाल शर्मा ने 11 लोगों की मौत की पुष्टि की है।
विस्फोट में घायल पांच लोगों का प्रयागराज के SRN अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों की टीम उनकी हालत पर नजर बनाए हुए है।
फैक्ट्री संचालक के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। आरोपी की तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
- कॉपी लिंक
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि एक ही परिवार के कई लोगों की मौत बेहद दुखद और हृदयविदारक है। SRN अस्पताल में भर्ती घायलों का बेहतर इलाज कराने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार की पहली प्राथमिकता घायलों की जान बचाना है। उनके इलाज में किसी तरह की कमी नहीं होने दी जाएगी। मृतकों के परिवारों को भी सरकार की ओर से हर संभव मदद दी जाएगी। मामले में DM और SSP को जांच के निर्देश दिए गए हैं।
जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
- कॉपी लिंक
कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट के बाद 3 और शव शाम करीब साढ़े 5 बजे बरामद किए गए। इसके साथ ही हादसे में अब तक कुल 10 शव मिल चुके हैं। मौके पर पुलिस और राहत-बचाव टीम का अभियान लगातार जारी है। टीम मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटी है।
- कॉपी लिंक
कौशांबी में पटाखा विस्फोट वाली जगह से करीब 200 मीटर की दूरी पर 2 पटाखा गोदाम मिले हैं। इन गोदामों में पटाखे रखे हैं। सूचना मिलने पर एसडीएम चायल प्रेरणा गौतम, सीओ चायल और तहसीलदार समेत अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर दोनों गोदामों का निरीक्षण किया।
वहीं, गोदामों की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। जिससे आक्रोशित भीड़ गोदामों में तोड़फोड़ न कर सके और किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
- कॉपी लिंक
- कॉपी लिंक
विस्फोट और मकानों के गिरने के बाद आसपास के लोग दौड़े। उन्हें जो लोग मलबे के बीच खून से लथपथ दिखे, उन्हें चारपाई पर कुछ दूर लेकर आ गए। इसके बाद किसी गाड़ी या फिर एम्बुलेंस का इंतजार करने लगे।
- कॉपी लिंक
- कॉपी लिंक
स्वरूप रानी अस्पताल पहुंची महिला रानी ने बताया- बिजली का खंभा गिरने के बाद फैक्ट्री में रखे बारूद में तेज धमाका हुआ। आसपास का पूरा इलाका दहल गया और कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए। मेरे परिवार के 5 लोग मलबे में दब गए। प्रशासन से सभी को निकाला।
- कॉपी लिंक
- कॉपी लिंक
कौशांबी में मलबे से दो और शव बरामद किए गए हैं। मरने वालों की संख्या बढ़कर 7 हो गई है।
- कॉपी लिंक
- कौशांबी डीएम अमित पाल शर्मा ने बताया कि अब तक 5 लोगों की मौत हो गई है। रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
- संपत्ति जब्त करने के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी। पटाखा फैक्ट्री का लाइसेंस करीब दो साल पहले निरस्त किए जाने की बात सामने आई है। मामले की प्रारंभिक जांच की जा रही है।
- कॉपी लिंक
कौशांबी के पूर्व सांसद विनोद सोनकर घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने कहा- यह बहुत दुखद हादसा है। जिला प्रशासन रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटा हुआ ह
- कॉपी लिंक
स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल (SRN) के प्राचार्य एके वर्मा ने बताया- अस्पताल में 7 लोग लाए गए थे, जिनमें 2 मृतक और 5 घायल हैं। घायलों को तुरंत इलाज दिया गया। अस्पताल का पूरा ध्यान घायलों की जान बचाने और उन्हें बेहतर इलाज देने पर है। एक मरीज की हालत काफी गंभीर है।
उसे सिर में चोट लगी है और शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। वह फिलहाल वेंटिलेटर पर है और उसका इलाज किया जा रहा है। घायलों में दो बच्चे भी शामिल हैं। विस्फोटक के बारे में हमें कोई जानकारी नहीं है।
- कॉपी लिंक
- कॉपी लिंक
हादसे के बाद फैक्ट्री के आसपास की फसलों पर बारूद फैल गया। फायर ब्रिगेड की टीम पानी का छिड़काव कर बारूद को उड़ने से रोक रही है।
- कॉपी लिंक
हादसे में जान गंवाने वाले 5 लोगों में 2 बच्चे भी शामिल हैं। इनके नाम प्रवीण (13) और प्रियांशी (5) हैं।
- कॉपी लिंक
- कॉपी लिंक
एडीजी ज्योति नारायण भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अफसरों से हादसे की जानकारी ली। रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लिया। अधिकारी उन्हें हादसे के बारे में जानकारी दे रहे हैं।
- कॉपी लिंक
स्वरूप रानी मेडिकल कॉलेज (SRN) में अब तक 7 घायलों को लाया जा चुका है। घायलों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्ट्रेचर की संख्या बढ़ाई जा रही है।
- कॉपी लिंक
- कॉपी लिंक
एक महिला ने बताया- हमारी बिटिया यहां घर बनवाकर रह रही थी। परिवार में 5 लोग थे। दामाद, दो बेटे और एक बिटिया। घर ढह गया है। पिछले 2 घंटे से मेरी बेटी-दामाद, नाती-नातिन समेत 5 लोग मलबे में दबे हुए हैं। अब तक कुछ पता नहीं चल पाया है।
- कॉपी लिंक
- कॉपी लिंक
- कॉपी लिंक
- कॉपी लिंक
- कॉपी लिंक
- कॉपी लिंक
- कॉपी लिंक
प्रत्यक्षदर्शी मुनीश कुमार पांडे ने बताया- करीब 12:30 बजे धमाके शुरू हुए। गोदाम में करीब दो दर्जन लोग मौजूद थे। अब तक 7 लोग बाहर निकाले जा चुके हैं। आशंका है कि कम से कम 18-20 लोगों की मौत हुई है। धमाके इतने तेज थे कि गोदाम से 50 मीटर के दायरे में जितने भी मकान थे, वे टूट गए हैं।
- कॉपी लिंक
- कॉपी लिंक
हादसे में बची लड़की ने कहा- घर में मैं, मेरा छोटा भाई और मम्मी थीं। सिर्फ मैं ही बाहर निकल पाई। बाकी सभी उसी में दब गए।
- कॉपी लिंक
- कॉपी लिंक
- कॉपी लिंक
- कॉपी लिंक
- सिंगर हत्याकांड के 2 शूटर एनकाउंटर में ढेर: 20 राउंड गोलीबारी, हरियाणा भाग रहे थे; अंकित के पिता बोले- आधा इंसाफ मिला, आधा बाकी
- मायावती ने उमाशंकर सिंह के बेटे को लॉन्च किया: पहली बार बसपा की बैठक में शामिल हुए, पिता की सीट से लड़ सकते हैं चुनाव
- एक्सप्रेस-वे पर THAR बेकाबू, दो भाई समेत 4 की मौत: 100 की स्पीड में डिवाइडर तोड़ा, 6 लेन पार की; CCTV में देखिए हादसा
- दिल्ली में बस में 16 साल की छात्रा से गैंगरेप: ग्रेटर नोएडा से बैठाया; बस 47km दौड़ती रही, शीशे पर पर्दे लगे थे, ड्राइवर-कंडक्टर अरेस्ट
Powered by CM Sarkar Geeta Reporter
संबंधित ख़बरें

UP में पलटी मारेगा मौसम! लखनऊ समेत इन 20 जिलों में बारिश का अलर्ट

Varanasi News: शिवपुर में बस की टक्कर से ठेकेदार की मौत

कानपुर में दवा कारोबारी हत्याकांड में बेटा गिरफ्तार, नौकर का दावा- शालू ने नहीं सुब्रत ने करवाई पिता की हत्या - kanpur vineet minocha murder case son subrat arrested confronted with shalu during probe


