होमक्राइम'लगा ही नहीं यूपी के सीएम हैं', जापानी छात्रों ने योगी संग ली सेल्फी, ठहाके मारकर हंस पड़े मुख्यमंत्री
क्राइम

'लगा ही नहीं यूपी के सीएम हैं', जापानी छात्रों ने योगी संग ली सेल्फी, ठहाके मारकर हंस पड़े मुख्यमंत्री

सीएम आवास पर आयोजित ‘ए डायलॉग विद द फ्यूचर’ में जापान और लखनऊ के विद्यार्थियों ने संवाद किया। सीएम योगी और गवर्नर नागासाकी की मौजूदगी में बच्चों ने गीत, ओरिगेमी और अनुभवों के जरिए भारत-जापान मैत्री की नींव मजबूत की। हेमे…

Navbharat Times के अनुसार21 अगस्त 2026 को 11:55 am बजे
'लगा ही नहीं यूपी के सीएम हैं', जापानी छात्रों ने योगी संग ली सेल्फी, ठहाके मारकर हंस पड़े मुख्यमंत्री

सौजन्य से:- Navbharat Times

सीएम आवास पर आयोजित ‘ए डायलॉग विद द फ्यूचर’ में जापान और लखनऊ के विद्यार्थियों ने संवाद किया। सीएम योगी और गवर्नर नागासाकी की मौजूदगी में बच्चों ने गीत, ओरिगेमी और अनुभवों के जरिए भारत-जापान मैत्री की नींव मजबूत की।

हेमेन्द्र त्रिपाठी, लखनऊ: राजधानी लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर शुक्रवार को कूटनीतिक औपचारिकताओं से परे भारत और जापान की संस्कृतियों और युवा पीढ़ी के बीच भव्य व आत्मीय मिलन का ऐतिहासिक दृश्य देखने को मिला। उत्तर प्रदेश-जापान निवेश बैठक के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष कार्यक्रम 'ए डायलॉग विद द फ्यूचर' में जापान के यामानाशी प्रांत से आए 13 विद्यार्थियों और उनके शिक्षकों ने लखनऊ के स्कूली बच्चों के साथ खुलकर संवाद किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और यामानाशी प्रांत के गवर्नर कोटारो नागासाकी की मौजूदगी में हुए इस संवाद ने दोनों देशों के रिश्तों को नई ऊर्जा दी। बताया जाता है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और यामानाशी प्रान्त के गवर्नर कोटारो नागासाकी की मौजूदगी में हुआ यह संवाद आने वाले भारत-जापान संबंधों की उस तस्वीर को सामने ला रहा था, जिसकी नींव आज की युवा पीढ़ी के मन में रखी जा रही है। संवाद के खूबसूरत माहौल के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जापानी विद्यार्थियों और लखनऊ के बच्चों के साथ सेल्फी भी ली।

CM योगी ने 'ओहायो गोजाइमासु' कहकर जापानी छात्रों का किया अभिवादन

मुख्यमंत्री ने जापान के यामानाशी से आए विद्यार्थियों और उनके फैकल्टी सदस्यों व लखनऊ के युवा साथियों का आत्मीय स्वागत करते हुए जापानी अभिवादन 'ओहायो गोजाइमासु' से अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि लखनऊ उत्तर प्रदेश की राजधानी है और 25 करोड़ से अधिक आबादी वाला उत्तर प्रदेश भारत का सबसे बड़ा राज्य है। यह प्रदेश भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक चेतना का प्रमुख केंद्र है और इसे ‘हार्टलैंड ऑफ इंडिया’ के रूप में भी देखा जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल विद्यार्थियों का मिलन नहीं है। यह दो संस्कृतियों, दो परंपराओं और दो देशों की युवा पीढ़ियों का मिलन है। अगले वर्ष भारत और जापान के राजनयिक संबंधों की स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं और ऐसे समय में दोनों देशों के ये विद्यार्थी भविष्य के राजदूत के रूप में इस संबंध को नई ऊंचाई देने की क्षमता रखते हैं।

ईशान ने सुना डाला 'कौशल्या दशरथ के नंदन' भजन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संवाद के दौरान जापान के सामाजिक सामंजस्य के दर्शन और भारत के ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की वैचारिकी के बीच की सुंदर समानता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति मानती है कि पूरी दुनिया एक परिवार है। 'अयं निजः परो वेति गणना लघुचेतसाम्। उदारचरितानां तु वसुधैव कुटुम्बकम्।' मुख्यमंत्री और जापानी गवर्नर के संबोधन के बाद संवाद और भी आत्मीय हो गया। जापानी विद्यार्थियों ने मिलकर जापानी भाषा में गीत प्रस्तुत किया। उनकी सामूहिक प्रस्तुति के दौरान मुख्यमंत्री आवास का वातावरण तालियों से गूंज उठा। इसके जवाब में भारत की ओर से ईशान ने भगवान श्रीराम को समर्पित 'कौशल्या दशरथ के नंदन' गीत प्रस्तुत किया।

जापानी छात्रों से बोलीं अक्षरा- 'भारत के बच्चे डोरेमोन देखते हुए बड़े हुए'

लखनऊ की छात्रा अक्षरा पांडेय ने जापानी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि आप सभी यहां आए, यह देखकर बहुत अच्छा लग रहा है। उन्होंने कहा कि जापानी विद्यार्थियों को ताजमहल पसंद आया, यह उनके लिए भी सुखद है। उन्होंने अपने बचपन की याद साझा करते हुए कहा कि भारत के बच्चे डोरेमोन देखते हुए बड़े हुए हैं। मौके पर जापानी विद्यार्थियों ने भी अपने अनुभव खुलकर साझा किए। जापानी छात्र कजामा ने कहा कि भारत आना मेरे लिए बहुत खास अनुभव है, क्योंकि मैं पहली बार अपने देश से बाहर निकला हूं। यहां आकर जिस तरह लोगों ने हमसे मित्रवत व्यवहार किया, वह मेरे दिल को छू गया। भारत की सड़कों पर इतनी सारी मोटरसाइकिल और गाड़ियां देखना मेरे लिए बिल्कुल नया अनुभव था। टोक्यो में ऐसा अनुभव कम मिलता है।

पहली बार बिंदी लगाकर खुश हुई जापानी छात्रा

इसी संवाद के बीच जापानी छात्रा मियागी मोतो ने कहा कि इतने लोगों के सामने अपने विचार साझा करने का अवसर मेरे लिए बहुत विशेष है। मैं पहले भी कई देशों के विद्यार्थियों के साथ ऐसे संवाद कार्यक्रमों का हिस्सा रही हूं, लेकिन भारत का अनुभव अपने आप में अलग है। मैं यामानाशी में रहती हूं और मेरा मानना है कि अलग-अलग संस्कृतियों को समझना और एक-दूसरे की संस्कृति का सम्मान करना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि मैंने पहली बार बिंदी लगाई और मुझे यह बहुत अच्छा लगा। मैं भारत और जापान की मित्रता को आगे बढ़ाने में अपनी भूमिका निभाने के लिए बहुत उत्सुक हूं।

मुख्यमंत्री योगी ने जापानी बच्चों के साथ ली सेल्फी

संवाद के आत्मीय माहौल के बीच मुख्यमंत्री ने जापानी विद्यार्थियों और लखनऊ के बच्चों के साथ सेल्फी भी ली। मुख्यमंत्री के साथ तस्वीर लेने को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह दिखाई दिया। बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ झलक रहा था। यह सहज क्षण कार्यक्रम की औपचारिकता से अलग एक ऐसी याद बन गया, जिसे भारतीय और जापानी विद्यार्थी लंबे समय तक अपने साथ संजोकर रखेंगे।

लेखक के बारे मेंविवेक मिश्राविवेक कुमार मिश्रा (Vivek Kumar Mishra) नवभारत टाइम्स ऑनलाइन (NBT.Com) में सीनियर डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर (Senior Digital Content Producer) हैं। उत्तर प्रदेश की राजनीतिक-सियासी हलचल पर नजर रखते हैं। यूपी राजनीतिक विश्लेषण, उत्तर प्रदेश में हो रही घटनाओं पर नजर रखते हैं। उत्तर प्रदेश में अपराध, प्रशासन, डेवलपमेंट, यूपी सरकारी योजनाओं पर फोकस रखते हैं। उत्तराखंड की राजनीति हलचल, विश्लेषण, अपराध और घटनाक्रम पर भी विवेक कुमार मिश्रा फोकस रखते हैं।

अनुभव

यूपी के लखनऊ, मुरादाबाद, आगरा और नोएडा में हिंदुस्तान, अमर उजाला, दैनिक जागरण जैसे प्रिंट मीडिया में काम कर चुके हैं। दिसंबर 2020 से नवभारत टाइम्स ऑनलाइन के साथ जुड़े हैं। पत्रकारिता में 10 साल से ज्यादा का अनुभव है। इसमें डेस्क और फील्ड दोनों में काम किया है।

शिक्षा

राम मनोहर लोहिया विश्वविद्यालय से स्नातक किया है। राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय प्रयागराज से मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) में परास्नातक किया हुआ है। विवेक कुमार मिश्रा मूल रूप से यूपी के बाराबंकी जिले के रहने वाले हैं।... और पढ़ें

कन्वर्सेशन शुरू करें

Stateकी ताजा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज, अनकही और सच्ची कहानियां, सिर्फ खबरें नहीं उसका विश्लेषण भी। इन सब की जानकारी, सबसे पहले और सबसे सटीक हिंदी में देश के सबसे लोकप्रिय, सबसे भरोसेमंद Hindi Newsडिजिटल प्लेटफ़ॉर्म नवभारत टाइम्स पर

Powered by CM Sarkar Geeta Reporter

संबंधित ख़बरें